Maharashtra

मेट्रो स्टेशनों के नामकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

मुंबई, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुंबई के मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने को लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है। मंगलवार को मुंबई अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड के नेतृत्व में कांग्रेसियों नें सिद्धिविनायक मंदिर के सामने विरोध प्रदर्शन किया और महायुति सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी दी गई है कि देवताओं व महापुरुषों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वर्षा ने आरोप लगाया कि महायुति सरकार ने मेट्रो स्टेशनों के नाम प्रायोजित करके देवताओं और महापुरुषों का अपमान किया है। सिद्धिविनायक मंदिर, कालबादेवी, महालक्ष्मी, छत्रपति शिवाजी महाराज, आचार्य अत्रे के नाम पर स्टेशनों का नाम को बदलकर कॉर्पोरेट कंपनियों का नाम देकर भाजपा ने कॉर्पोरेट हिंदुत्व का परिचय दिया है। महायुति सरकार को इस बात का जरा भी अनुमान नहीं है कि इससे हमारे देवी-देवताओं और महापुरुषों का अपमान हो रहा है। क्या महायुति सरकार, एमएमआरडीए और एमएमआरसी मेट्रो स्टेशनों के नाम प्रायोजित करके पैसा कमाने के लिए बेताब हैं?

वर्षा गायकवाड के अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज, भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, आचार्य अत्रे, पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू और संजय गांधी ने आधुनिक भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दिया है। लेकिन महायुति सरकार ने बाजार लगाकर हमारी ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और परंपराओं को कंपनियों को बेच दिया है। सीएसएमटी का नाम किसी बैंक के नाम पर रखना, आचार्य अत्रे चौक पर किसी म्यूचुअल फंड का नाम जोड़ना महाराष्ट्र के गौरव का अपमान है। भाजपा को गांधी और नेहरू नाम से एलर्जी है। इसलिए नेहरू विज्ञान केंद्र स्टेशन के नाम से नेहरू और संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान से संजय गांधी हटा दिया गया है। यह सरकार कालबादेवी और शीतलादेवी स्टेशनों के नाम के लिए प्रायोजक ढूंढ रही है, जबकि हवाई अड्डे पर एक कॉर्पोरेट कंपनी का नाम जोड़ने की कोशिश चल रही है। यह लड़ाई राज्य की 13 करोड़ जनता के सम्मान, स्वाभिमान और अस्मिता की है।

वर्षा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे में भाजपा ने ‘लौह पुरुष’ नाम का बैनर लगाकर सरदार वल्लभभाई पटेल का अपमान किया है। शाह की तुलना ऐसे महान पुरूष पटेल से नहीं की जा सकती। पीएम मोदी की तुलना शिवाजी महाराज से करके उनका भी कई बार अपमान किया गया है. इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी प्रदेश प्रवक्ता सचिन सावंत, सुरेश चंद्र राजहंस, कचरू यादव सहित पार्टी के बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top