Uttrakhand

कांग्रेस ने नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पुष्पा नेगी और उपाध्यक्ष पद के लिए देवकी बिष्ट को बनाया उम्मीदवार

हल्द्वानी, 10 अगस्त (Udaipur Kiran) । नैनीताल जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए रामगढ़ क्षेत्र की पूर्व ब्लॉक प्रमुख पुष्पा नेगी और उपाध्यक्ष पद के लिए देवकी बिष्ट को उम्मीदवार बनाया है।

हल्द्वानी स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस को इन चुनाव में स्पष्ट बहुमत मिलने जा रहा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनाव में हस्तक्षेप करने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने के गंभीर आरोप भी लगाए। यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास करते हुए धनबल और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। अधिकारियों को चेतावनी दी जाती है कि वे सत्तारूढ़ दल के एजेंट के रूप में काम न करें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण व्यवस्था में मनमानी कर चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

आर्य ने हाल ही में हुए पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि जनता का रुझान कांग्रेस की ओर है और भाजपा का जनाधार लगातार कम हो रहा इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट और पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि पार्टी की अधिकृत उम्मीदवार पुष्पा नेगी और देवकी बिष्ट भारी मतों से जीत हासिल करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह चुनाव भाजपा के खिलाफ जनता के असंतोष का संकेत बनेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव की दिशा भी तय करेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / अनुपम गुप्ता

Most Popular

To Top