शिमला, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । बागवानी व राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ सिराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में हुए दुर्व्यवहार को लेकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल और कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। दोनों मंत्रियों ने रविवार काे एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ एक वरिष्ठ मंत्री का अपमान किया है, बल्कि देश की शान और सम्मान – तिरंगे – का भी अपमान किया है, जो बहुत शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि थुनाग में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगत सिंह नेगी की गाड़ी पर लगे तिरंगे पर जूते-चप्पल और काले कपड़े फेंके, जो पूरी तरह निंदनीय और अस्वीकार्य है। मंत्रियों ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की पहचान और गर्व का प्रतीक है, जिसकी रक्षा के लिए न जाने कितने वीरों ने अपनी जान दी है। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के इस व्यवहार ने साफ कर दिया है कि उनके लिए तिरंगा केवल राजनीति का माध्यम है, उसका कोई सम्मान उनके मन में नहीं है।
धनी राम शांडिल और चंद्र कुमार ने कहा कि वे पिछले पचास सालों से राजनीति में हैं, लेकिन उन्होंने कभी राजनीति का इतना नीच स्तर नहीं देखा। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने जानबूझकर एक संवेदनशील मुद्दे को हवा दी, जबकि सच्चाई यह है कि सरकार ने वानिकी महाविद्यालय को सिर्फ अस्थायी तौर पर दूसरी जगह स्थानांतरित किया ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। भाजपा नेता अब इस पर राजनीति कर रहे हैं और छात्रों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
मंत्रियों ने यह भी कहा कि राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी थुनाग और मंडी जिले के अन्य इलाकों में आपदा से प्रभावित किसानों और बागवानों की हालत का जायजा लेने गए थे। उनका मकसद नुकसान का आकलन कर एक राहत पैकेज तैयार करना था, लेकिन भाजपा को न तो किसानों की परवाह है और न ही लोगों की समस्याओं की। उल्टा वे राहत कार्यों में भी अड़चन डाल रहे हैं।
उन्होंने मंडी में सेब के बागानों और फूलों की खेती के लिए बनाए गए पॉलीहाउस को पहुंचे नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्री नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर कैबिनेट के सामने रखने वाले थे, लेकिन भाजपा नेताओं ने पूरी कोशिश की कि यह काम रुक जाए।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
