
मंडी, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र की महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष शकुंतला कश्यप को बिहार के अररिया ज़िले में विधानसभा चुनावों के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। यह घोषणा हाल ही में दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने की। कार्यक्रम में देशभर से आई महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, संगठनात्मक भागीदारी व राजनीति में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देती रही है और उन्हें संगठित कर आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है। शकुंतला कश्यप को इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के बड़ापुर और नगीना, हरियाणा के थानेसर विधानसभा क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आठ विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी का पर्यवेक्षक नियुक्त किया जा चुका है। पार्टी में उनकी सक्रियता और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। अब वे बिहार के अररिया जिले में चुनावी गतिविधियों का निरीक्षण करेंगी और संगठन को मजबूत करने में योगदान देंगी। शकुंतला कश्यप विशेषकर महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कार्य करेंगी।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
