Jammu & Kashmir

कांग्रेस नेता रमन भल्ला ने भाजपा पर लगाया लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन का आरोप, वोट अधिकार अभियान की शुरुआत की

कांग्रेस नेता रमन भल्ला ने भाजपा पर लगाया लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन का आरोप, वोट अधिकार अभियान की की शुरुआत

जम्मू, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रमन भल्ला ने गुरुवार को भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनादेश के साथ खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोरी के माध्यम से जनता के विश्वास को ठग रही है और लोकतंत्र की बुनियाद को हिला रही है। रमन भल्ला आर.एस. पुरा-जम्मू दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के करन बाग (वार्ड नंबर 73) में आयोजित कांग्रेस के वोट अधिकार हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत पर कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य भाजपा की कथित चुनावी गड़बड़ियों के खिलाफ जनमत तैयार करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पवित्रता की रक्षा के लिए जनता को संगठित करना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता के दुरुपयोग से देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, निर्वाचन आयोग, संसद और स्वतंत्र मीडिया, को प्रभावित किया है। सरकार ने इन संस्थाओं को अपने राजनीतिक हितों का उपकरण बना दिया है जिससे लोकतंत्र की आत्मा खतरे में है। भल्ला ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है ताकि भाजपा की चुनावी हेराफेरी को उजागर किया जा सके और जनता को लोकतंत्र पर मंडरा रहे खतरों के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई किसी पार्टी से नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा और संविधान में निहित मूल्यों को बचाने की है।

जम्मू-कश्मीर की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी भाजपा अपने एक भी वादे को पूरा नहीं कर पाई है। भाजपा ने झूठे वादों और भावनात्मक शोषण से सीटें जीतीं लेकिन अब उसके प्रतिनिधि जनता के बीच दिखाई नहीं देते। भल्ला ने युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं का पलायन बढ़ रहा है, छोटे व्यापारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और किसान बदहाल हैं, जबकि भाजपा नेता केवल अपनी झूठी जीतों का जश्न मना रहे हैं।

उन्होंने हाल में आए प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भाजपा नेताओं की अनुपस्थिति की भी कड़ी आलोचना की और कहा कि जनता के दुख-दर्द से कटे हुए नेता जनता की सेवा नहीं कर सकते। भल्ला ने चेतावनी दी कि भाजपा समाज में धार्मिक और क्षेत्रीय विभाजन पैदा कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है जिससे जम्मू-कश्मीर की सामाजिक एकता को खतरा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से हर पंचायत, वार्ड और निर्वाचन क्षेत्र में वोट अधिकार अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि “लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।”

(Udaipur Kiran) / राहुल शर्मा

Most Popular

To Top