
रांची, 28 जून (Udaipur Kiran) । वक्फ संशोधन बिल मामले में भाजपा देश के सामने सिर्फ झूठ परोस रही है। देश का हर मुस्लिम जानता है कि भाजपा मुसलमान की हितैषी नहीं है। भाजपा ने इस बिल के माध्यम से बताने का प्रयास किया है कि यह देश संविधान और कानून से नहीं, बल्कि भाजपा के कानून से चलेगा। यह बातें प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राकेश सिन्हा ने शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जफर इस्लाम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जो भाजपा अपने दल में मुस्लिम को टिकट नहीं देती वह उनकी संपत्ति को संरक्षित करने की बात कह रही है तो यह नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज करने जैसे कहावत चरितार्थ करने जैसा है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड की जनता भाजपा के बनावटी चेहरे को पहचान चुकी है। उन्होंने जफर इस्लाम पर तंज कसते हुए कहा कि जिस राज्य में भाजपा की सरकार है वहां के दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक डर के साये में जीने को विवश हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
