HimachalPradesh

कांग्रेस का आलाकमान अब हिमाचल में केवल सैर–सपाटा करने आता है : पायल वैद्य

पायल वैद्य प्रदेश भाजपा महामंत्री।

मंडी, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने कांग्रेस आलाकमान पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी अब हिमाचल में सिर्फ पर्यटक की तरह आती हैं और जनता के सवालों का जवाब देने नहीं। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 1500 रूपए मासिक देने का वादा किया था, लेकिन आज जब वही महिलाएं जवाब मांग रही हैं, तो प्रियंका गांधी के पास न जवाब है, न हिम्मत। कांग्रेस ने गारंटियों के नाम पर प्रदेश की जनता से घोर छल किया ,एक लाख रोजगार और 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा तो केवल मंचों की शोभा बनकर रह गया।

पायल वैद्य ने कहा कि शिमला के रिज मैदान से वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के बहाने कांग्रेस नेता फिर से झूठी घोषणाओं की पॉलिश करने में जुटे हैं। त्योहारी सीजन में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी सुधारों के ज़रिए देशभर के उपभोक्ताओं को राहत दी, तब सुक्खू सरकार और कांग्रेस आलाकमान केवल मंचों से बयानबाज़ी और फोटो सेशन में व्यस्त हैं।

पायल वैद्य ने कहा कि सुक्खू सरकार पर अब जनता का भरोसा नहीं बचा है और आलाकमान पर तो खुद कांग्रेसियों का भी विश्वास नहीं रहा। महिलाओं को 1500रूपए का झुनझुना दिखाने वाली कांग्रेस अब पंचायती राज चुनावों से भाग रही है, क्योंकि उसे पता है कि हिमाचल की पंचायतों में 50प्रतिशत आरक्षण भाजपा सरकार ने महिलाओं को दिया था और वही महिलाएं आज कांग्रेस के खिलाफ सबसे मुखर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले से मालूम है कि पंचायत चुनाव में उसका सूपड़ा साफ होना तय है, इसलिए कभी आपदा का बहाना, कभी कानून का बहाना बनाकर ये सरकार लोकतंत्र से भाग रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Most Popular

To Top