
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने आपातकाल के बहाने कांग्रेस को घेरा, बोले—तानाशाही कांग्रेस के डीएनए में
वाराणसी, 27 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आपातकाल के बहाने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने सिर्फ कुर्सी के लिए लोकतंत्र की हत्या की। सिर्फ अपनी सत्ता बचाने की चाहत में इंदिरा ने देश में आपातकाल लगाया। बाह्य सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा को उस समय कोई ऐसा खतरा नहीं था।
केंद्रीय मंत्री चाैहान शुक्रवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि 12 जून 1975 को हाई कोर्ट ने ये फैसला दिया था कि इंदिरा गांधी ने भ्रष्टाचार का सहारा लिया है और गलत तरीके से चुनाव जीता था। काेर्ट ने छह वर्ष तक इंदिरा गांधी के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया था। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है। आज भी सिर्फ तरीकों का बदलाव हुआ है, नीयत आज भी वैसी ही तानाशाही वाली है। तानाशाही कांग्रेस के डीएनए में है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की मनमोहन सिंह की सरकार थी तब कैबिनेट का एक फैसला हुआ था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस फैसले की प्रति को प्रेस के सामने फाड़कर फेंक दिया था। तब सिर्फ फैसले की प्रति नहीं फाड़ा था, संविधान का फैसला फाड़ा था, ये संविधान की हत्या थी।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चाैहान ने कहा कि लोकतंत्र का अपमान करने वाली कांग्रेस को देश से अपनी ऐतिहासिक गलती के लिए माफी मांगनी चाहिए। अभी तक कांग्रेस ने आपातकाल के लिए देश से माफी नहीं मांगी है। तब हजारों परिवार तबाह हो गए, एक लाख से अधिक लोग जेलों में थे। शिवराज सिंह ने राहुल गांधी का नाम न लेकर तंज कसते हुए कहा कि वह जो संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, उन्हें जवाब देना पड़ेगा।
हमारे प्रधानमंत्री संविधान का सम्मान करते हैं
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये संविधान की हत्यारिन कांग्रेस भाजपा की बात करती है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान को जीते हैं। लोकतंत्र का सम्मान करते हैं। चुनाव जीतकर जब नरेन्द्र मोदी ने संसद की सीढ़ियों को प्रणाम किया था, वह संविधान का प्रति आदर था। जब देश पर संकट आया प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों को भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया, ये संविधान की मूल भावना का आदर है। जब भी कैबिनेट की बैठक होती है तब प्रधानमंत्री मोदी एक-एक मंत्री से पूछते हैं।
क्या कांग्रेस में है लोकतंत्र
एक सवाल के जबाब में केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि संविधान दिवस के नाम पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बिना वजह हल्ला मचा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सिर्फ इतना बता दें कि क्या कांग्रेस में लोकतंत्र है। कांग्रेस अध्यक्ष कांग्रेस नहीं चलाते हैं। आज भी एक परिवार कांग्रेस चला रहा है।
संविधान में धर्म निरपेक्षता व समाजवाद शब्दाें की जरूरत नहीं
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत के संविधान को धर्म निरपेक्षता और समाजवाद शब्द की जरूरत नहीं है। ये दोनों शब्दों को हटाया जाना चाहिए। धर्म निरपेक्षता और समाजवाद शब्द को संविधान में बाद में अपने फायदे के लिए जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को क्षतविक्षत कर रक्तरंजित करने वाले आपातकाल की भयावहता आज भी स्मृतियों में जीवित है। कांग्रेस ने अपने दम्भ और अहंकार में क्रूरता और दमन की पराकाष्ठा से 50 वर्ष पूर्व लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्थाओं पर सीधा हमला किया।
पत्रकार वार्ता के दाैरान क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, भाजपा के जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा,महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि आदि भी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
