Madhya Pradesh

कांग्रेस ने किसानों को फसल बीमा के स्थान पर मुलताई गोलीकांड जैसा जघन्य घाव दियाः खंडेलवाल

जबलपुर के मानस भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम
भव्य स्वागत किया

जबलपुर, 19 जुलाई (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों को फसल बीमा जैसी योजना बनाकर भी दे सकती थी, लेकिन कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के किसानों को मुलताई गोलीकांड जैसा जिंदगी में कभी नहीं भरने वाला जघन्य घाव दिया है। भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से चलता है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच कड़ी की भूमिका निभाए और समाज में आदर्श स्थापित करें। हम सभी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक फैले एक-एक कार्यकर्ताओं से जुड़कर पार्टी को और मजबूत बनाकर प्रदेश को नई राह पर ले जाना है। हर कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी व लगन के साथ पार्टी को बुलंदियों तक पहुंचाने का कार्य करें। पार्टी संगठन हर कार्यकर्ता के भविष्य की चिंता कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल शनिवार को जबलपुर के मानस भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम को मंत्री राकेश सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई, सांसद सुमित्रा वाल्मीकि व आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, संतोष बरकड़े, नीरज सिंह एवं अभिलाष पाण्डे ने भी संबोधित किया।

कांग्रेस ने कभी गरीबों और आदिवासियों की चिंता नहीं की

खण्डेलवाल ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की कांग्रेस ने देश के गरीबों, आदिवासियों की टपकती झोपड़ी को कभी सुधारने का प्रयास नहीं किया। गरीबों, जनजातियों को बीमारी में कभी निःशुल्क इलाज की चिंता नहीं की। गांवों, मजरों, टोलों, गरीबों और आदिवासियों की बस्तियों को कभी सड़क से जोड़ने का प्रयास कांग्रेस ने कभी नहीं किया। नरेन्द्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने सोचा कि हम भारत को विश्व गुरु बनाने, दुनिया का अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन हम अपने देश के गरीबों, आदिवासियों को भी अभाव की जिंदगी में नहीं रहने देंगे। उन्होंने गरीबों, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों को पक्के मकान देने, खाना पकाने के लिए उज्जवला योजना बनाकर निःशुल्क गैस कनेक्शन देने, पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज के लिए पीएम आयुष्मान योजना बनाई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है। हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

खंडेलवाल ने कहा कि मैं भी आदिवासियों के बीच बैतूल में रहता हूं। उन्हीं की सेवा हमारा परिवार वर्षों से करता आ रहा है। वीरांगना रानी दुर्गावती, राजा रघुनाथ शाह और शंकर शाह जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान देने का कार्य हमारी पार्टी और सरकारें कर रही है। आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से प्रधानमंत्री मोदी जैसे विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं और वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं। इस पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि होता है, कार्यकता ही पार्टी संगठन और सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा का दायित्व निभाता है।

देश-प्रदेश को नई दिशा दे भाजपा, ऐसा आशीर्वाद दें मां नर्मदा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आप सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग व आशीर्वाद पार्टी को मिलता रहा है, उसे बनाए रखें। हमें हर कार्यकर्ता से जुड़ना है और दल को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जबलपुर जिले को मां नर्मदा का आशीर्वाद मिलता रहा है। मां नर्मदा ऐसा आशीर्वाद दें कि हम सभी का जीवन उज्जवल बने तथा भारतीय जनता पार्टी देश और प्रदेश को नई दिशा में आगे ले जाने का काम करती रहे।

पार्टी नेतृत्व आपकी चिंता करेगा, आप जनता की चिंता करें

खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व सभी कार्यकर्ताओं की चिंता करता है और आगे भी करता रहेगा, लेकिन आप सभी को जनता की सेवा सर्वोपरि मानकर उनकी चिंता करनी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार की जनहितैषी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाकर उनकी सेवा करते रहें तथा ऐसे प्रयास करें कि आपकी और पार्टी की छवि सकारात्मक बनी रहे। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक परिवार की तरह काम करेंगे और नई राह पर आगे बढ़कर जनता को नया संदेश देंगे।

कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों मंचों के माध्यम से पलक पांवड़े बिछाकर किया स्वागत

भाजपा प्रदेश हेमंत खण्डेलवाल का जबलपुर में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दस किलोमीटर लंबी स्वागत रैली के दौरान सैकड़ों स्थानों पर मंचों के माध्यम से पलक पांवड़े बिछाकर ऐतिहासिक व भव्य स्वागत किया। खण्डेलवाल के जबलपुर ग्रामीण के बरगी विधानसभा क्षेत्र में स्थित होटल रॉयल ऑर्बिट के सामने कार्यकर्ताओं ने मंचों के माध्यम से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष ने जबलपुर नगर में स्वागत रैली के दौरान पिसनहारी की मढ़िया पहुंचकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्वागत रैली जबलपुर नगर के अंधमुख बायपास, धंवतरि नगर चौराहे से विभिन्न स्थानों से होते हुए तीन पत्ती चौराहा पहुंची, जहां सैकड़ों स्थानों पर उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। स्वागत रैली के दौरान बडी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजनों ने स्वागत मार्ग में सड़क के दोनों तरफ से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। खण्डेलवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा के विचार सबको जोड़ने और सामूहिकता का भाव के लिए जानी जाती है। जबलपुर का यह कार्यक्रम भी इसी सामूहिकता की अभिव्यक्ति हैं। हेमंत खण्डेलवाल अत्यंत ऊर्जावान अध्यक्ष हैं। निश्चित रूप से उनके नेतृत्व में पार्टी और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी, जिसकी अपेक्षा हमारे केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन की है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल को संस्कार विरासत में मिले हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करते समय घोषणा की थी कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हूं, परंतु जो अनुशासन का पालन नहीं करेंगे उनको संगठन अनुशासन के रास्ते पर चलने का मार्ग भी दिखाना जानता है। हमें सामूहिकता के साथ एक-एक कार्यकर्ता को जोड़कर पार्टी को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाना है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता खण्डेलवाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेगा और संगठन को बुलंदियों पर ले जाएगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top