Assam

कांग्रेस महिलाओं का सम्मान नहीं करती : भाजपा

भाजपा लोगो

– 2026 में अजनबी लोगों का विधानसभा में प्रवेश नहीं होगा : भाजपा

गुवाहाटी, 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी, असम प्रदेश ने कांग्रेस पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी की प्रवक्ता डॉ. अंकिता दत्ता ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान नहीं करती। बिहार में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की माता को लेकर जिस प्रकार की आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, वह शर्मनाक और मातृ समाज के लिए अपमानजनक है। इसी के विरोध में भाजपा 31 अगस्त और 1 सितम्बर को जिलेवार आंदोलन करेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने जानकारी दी कि सखी एक्सप्रेस योजना के तहत 9,704 स्कूटी का वितरण किया गया है। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि असमिया जनता को वृंदावनी वस्त्र देखने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

प्रवक्ता ब्रजेन महंत ने कहा कि भाजपा समाज के वरिष्ठ और सम्मानित जनों का हमेशा आदर करती आई है। असम के प्रथम गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री गोलाप बोरबोरा की जन्म शताब्दी वर्ष को कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा सरकार ने डॉ. भूपेन हजारिका और गोपीनाथ बरदलै को भारत रत्न से सम्मानित किया तथा पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई को 2021 में पद्मभूषण प्रदान किया। इसके विपरीत, कांग्रेस शासनकाल में जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने स्वयं अपने कार्यकाल में भारत रत्न स्वीकार किया।

पार्टी प्रवक्ता डॉ. मोमिनुल अवाल ने कहा कि आज के असम में ऐसा माहौल नहीं है कि कोई व्यक्ति राज्य छोड़कर बांग्लादेश जाकर पुनः लौटकर यहां राजनीति करे। पहले की कमजोर सरकारों की वजह से ऐसा संभव हुआ था, लेकिन भाजपा सरकार की कड़ी नीति ने इसे असंभव बना दिया है।

भाजपा ने विश्वास जताया कि जनता के समर्थन से 2026 में असम में पुनः भाजपा सरकार बनेगी और कोई भी “अजनबी” व्यक्ति विधानसभा में प्रवेश नहीं कर पाएगा।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top