

भोपाल, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के वाहन पर रविवार (31 अगस्त) को रतलाम के मांगरोल में हमला हुआ। इस दौरान धाकड़ समाज के लोगों ने उन्हें काले झंडे दिखाए साथ ही पथराव भी किया, हालांकि जीतू पटवारी बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं लगी, लेकिन उनकी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। इस घटना से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस हमले के विराेध में बीजेपी के खिलाफ विराेध प्रदर्शन कर रही है। साेमवार काे कांग्रेस नेताओं ने गांधी प्रतिमा के समक्ष बैठकर प्रदर्शन किया। साथ ही हमले के विराेध में सरकार का पुतला दहन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल (शहर) द्वारा जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में साेमवार काे पुरानी विधानसभा मिंटो हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर रतलाम में हुए हमले के विरोध में प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेनाने कहा कि हम मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा सरकार को चेतावनी देते हैं कि ऐसे कायराना हमले से न तो जीतू पटवारी के हौसले टूटेंगे और न ही कांग्रेस का संघर्ष रुकेगा। साथ ही नशा माफिया एवं वोट चोरी के खिलाफ हमारा संकल्प और भी मज़बूती के साथ आगे बढ़ेगा। इस दौरान पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जेपी धनोपिया, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सबिस्ता जकी, पार्षद गुड्डू चौहान, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कंसाना सहित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गण कांग्रेस पदाधिकारी गण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सरकार का पुतला जलाकर विराेध जताया
मध्य प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की ओर से साेमवार काे पीसीसी कार्यालय के बाहर रतलाम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी की गाड़ी पर हुए हमले के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला जलाकर अपना आक्रोश प्रकट किया। यह विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया विभाग के महासचिव धनजी गिरी के नेतृत्व में आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए लगातार हमलों और षड्यंत्रों का सहारा ले रही है। जीतू पटवारी पर हमला इस बात का प्रमाण है कि सरकार लोकतंत्र से डरी हुई है। वहीं, अमन पठान ने कहा कि यह हमला केवल जीतू पटवारी पर नहीं बल्कि प्रदेश के हर उस नागरिक पर है जो सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ बोलने का साहस रखता है। हम चुप नहीं बैठेंगे, यह लड़ाई सड़क से विधानसभा तक लड़ी जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
