Uttar Pradesh

कांग्रेस ने अपने राजनीतिक संकट के लिए देश में आपातकाल लगाकर संविधान को कुचला : केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य व अन्य

–अखिलेश की नकली समाजवादी पार्टी आज कांग्रेस की गोद में बैठी है–2027 में सपा मुक्त होगा उत्तर प्रदेश और प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा की सरकार

प्रयागराज, 25 जून (Udaipur Kiran) । आपातकाल के 50वें वर्ष में कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय को लेकर सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा अपने निजी राजनीतिक संकट को लेकर 1975 में 25 जून को देश के अंदर आपातकाल लागू किया और लोकतंत्र की आत्मा को कुचला गया। बाबा साहब के संविधान के अधिकारों को छीना गया। जिसे भारतीय जनता पार्टी संवैधानिक हत्या दिवस के रूप में मना रही है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल की घोषणा के बाद रातों-रात लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीन लिए गए। विपक्षी दलों के नेताओं को जेल में डाल दिया गया। अभिव्यक्ति के सभी माध्यमों पर प्रतिबंध लगा दिया गया। देश के लोकतंत्र में यह काला दिन बनकर अंकित है। आपातकाल 1977 में 21 मार्च को हटाया गया। यह आपातकाल आजाद भारत के इतिहास की सबसे विवादास्पद घटनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के कारण इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी ने संविधान के अधिकारों का गलत उपयोग करते हुए परिवार नियोजन के नाम पर जबरन नसबंदी अभियान चलाया और इंदिरा गांधी सरकार ने दिल्ली के तुर्कमान गेट पर बसी झोपड़ियां को गिराने का आदेश दिया। जब लोगों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने गोलियां चलाई जिसमें कई लोगों की जान गई। इतना ही नहीं मीडिया पर सेंसरशिप लगा दी गई। विदेशी मीडिया के समय संवाददाताओं को निर्वासित कर दिया गया और 1976 में गृह मंत्रालय ने संसद में बताया कि आपातकाल विरोधी सामग्री प्रसारित करने वाले 7000 लोगों की गिरफ्तारी हुई।

डिप्टी सीएम ने कहा कि आपातकाल के खिलाफ जब जयप्रकाश नारायण ने आंदोलन किया तो आंदोलन में आज की भाजपा जो बीते कल की जनसंघ रही और जनता दल, असली समाजवादी पार्टी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। लेकिन आज की नकली समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आपातकाल थोपने वाली कांग्रेस की गोद में बैठ चुके है। जो दल कांग्रेस के साथ आज खड़े हैं वास्तव में वह लोकतंत्र की हत्यारों के साथ खड़े हुए हैं जिसे देश की और प्रदेश की जनता छोड़ने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि आगामी 2027 की विधानसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से विजय होगी और देश से कांग्रेस व प्रदेश से समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी बनेगी और सपा मुक्त उत्तर प्रदेश बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने देश एवं प्रदेश में जबरदस्त काम करते हुए विकास की धारा बहाई है। कानून का राज स्थापित किया है, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा कर रही है। जबकि समाजवादी पार्टी पीडीए के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बीके सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, कमलेश कुमार, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, गंगा पार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, जिला मीडिया प्रभारी गंगापार उमेश तिवारी, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी व दिलीप चतुर्वेदी एवं विवेक मिश्रा उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top