Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में गायों की मौत और तस्करी का कांग्रेस ने लगाया आरोप

प्रेस वार्ता में उपस्थित विधायक एवं अन्य कांग्रेस नेता

कोरबा/जांजगीर-चांपा, 01 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जांजगीर-चांपा में विधायक व्यास कश्यप और कांग्रेस नेताओं ने आज बुधवार को पत्रकारवार्ता में भाजपा सरकार पर गौ तस्करी का आरोप लगाया है। उन्‍होंने बंद किए गए गौठानों को फिर से शुरू करने की मांग की। कांग्रेस ने दावा किया कि पिछले पौने दो साल में राज्य से लगभग पांच लाख गोवंश गायब हो गए हैं।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 2500 से अधिक गायों की सड़क दुर्घटनाओं और भूख से मौत हुई है। विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद गौ तस्करी बढ़ गई है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 2023 से पहले 10,800 गौठान शुरू किए थे, जिन्हें वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है।

उन्होंने कहा कि इन गौठानों में गोवंश के लिए चारा और पानी की सुरक्षित व्यवस्था होती थी। गौठान बंद होने से आवारा घूम रहे गोवंश के लिए समस्या पैदा हो गई है। भाजपा सरकार बनने के बाद से बड़ी संख्या में गायें भूख, चारे-पानी के अभाव और सड़क दुर्घटनाओं में मारी गई हैं। लगभग 1200 से अधिक गायें भूख और चारे-पानी की कमी से मर गईं। 850 से अधिक गायें सड़क दुर्घटनाओं में कुचली गई हैं।

यूपी -महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस पहुंचाई गई गायें

उन्होंने कहा कि 200 से अधिक गायों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। राज्य से पिछले दो सालों में लगभग पांच लाख से अधिक गोवंश गायब हो गए। दुर्घटना से मरने वाली भूख से मरने वाली कुल गायों की संख्या तो लगभग दो हजार से ढाई हजार तक है। फिर यह लगभग पांच लाख गाय कहां गईं? सीधा मतलब है, उनकी तस्करी कर यूपी महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस पहुंचा दी गई है।

दुनिया का दूसरा बीफ निर्यातक देश बना भारत

विधायक ने कहा कि खुद को गौ पूजक और गौ रक्षक बताने वाली भाजपा के राज में यह महापाप हो रहा है। गायों की तस्करी हो रही है। गाय स्लाटर हाउस भेजी जा रही हैं। मोदी सरकार आने के बाद भारत ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया। बीफ निर्यात कर मोदी सरकार हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रही है। 2014 के बाद भाजपा की मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत दुनिया के 65 देशों में बीफ निर्यात कर रहा है।

भाजपा सरकार गोवंश को भेज रही कत्ल खाने

उन्होंने का कहा कि भाजपा शासित राज्यों में देश के सर्वाधिक स्लाटर हाउस है, यूपी, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र में है। इलेक्टोरल बांड में खुलासा हुआ कि भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियों से चंदा लिया। जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी, तब हमने गायों की रक्षा के लिए गोठान बनाए, गोबर खरीद शुरू किया। ताकि लोग गायों का पालन-पोषण करें। उनकी आय का जरिया बने और भाजपा की डबल इंजन सरकार तो गोवंश को कत्ल खाने भेज रही है।

न गौ अभ्यारण्य बनाया गया और न ही गौ धाम

विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने गौठान बंद कर दिया। विकल्प के तौर पर पहले गौ अभ्यारण्य बनाने की बात की गई। फिर गौधाम बनाने का निर्णय लिया गया। लेकिन न गौ अभ्यारण्य बनाया गया और न ही गौ धाम बनाया गया। दिखाए के लिए गौ धामों में चारा के लिए राशि की घोषणा भी सरकार ने किया। प्रति पशुधन 10 रुपये प्रतिदिन चारा के लिए आवंटन की बात की गई। इतने में कौन सा चारा आएगा?

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Most Popular

To Top