CRIME

बरेली की तरह कानपुर में हिंसा भड़काने के लिए वायरल किया गया भड़काऊ ऑडियो, आराेपित गिरफ्तार

कानपुर, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर की रेलबाजार थाना पुलिस ने बरेली की तर्ज पर कानपुर में भी हिंसा भड़काने के उदृेश्य से भड़काऊ ऑडियो वायरल करने वाले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार करते हुए 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने रविवार को बताया कि रेलबाजार थाना क्षेत्र के सुजातगंज इलाके में रहने वाले जुबैर अहमद खान उर्फ जुबैर गाजी ने बरेली की तर्ज पर माहौल को बिगाड़ने के उद्देश्य से एक ऑडियो वायरल किया था। सार्वजनिक हुए ऑडियो में वह अधिक से अधिक संख्या में लोगों को एकत्रित करने का आवाहन कर रहा है। पुलिस के आला अधिकारियों ने इस मामले का संज्ञान में ले लिया। एलआईयू की सतर्कता के चलते पुलिस आरोपित की बताई हुई जगह पर पहुंची और उसे धर दबोचा। अज्ञात में 25 लोगों के खिलाफ दर्ज मामले पुलिस कार्रवाई कर रही है।

उल्लेखनीय है ​कि सुजातगंज चौकी प्रभारी ने अपनी तहरीर में बताया था कि बीते शुक्रवार दोपहर सुजातगंज इलाके में जुमे की नमाज अदा हो रही थी। उनकी ड्यूटी अजमेरी मस्जिद पर थी। नमाज समाप्त होने के बाद नमाजी बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान मदार होटल तिराहे पर चंदारी सुजातगंज निवासी जुबैर अहमद खान उर्फ जुबैर गाजी ने एक भड़काऊ ऑडियो चलाकर लोगों को उकसाना शुरू कर दिया। ऑडियो सुनते ही धीरे-धीरे सैकड़ों की भीड़ जमा होना शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर पुलिस सतर्क हो गई और लोगों को अनाउंसमेंट के जरिए शांत कराते हुए अपने घरों को भेजने लगी। इसके बाद चौकी प्रभारी ने जुबैर और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा भड़काने, लोगों को उकसाने और गैरकानूनी सभा आयोजित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस उपायुक्त पूर्वीने बताया कि इस मामले में संलिप्त 25 अज्ञातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। त्योहारों के मद्देनजर शहर के संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गयी है। शहर का माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

——————

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top