मुंबई, 6 नवंबर (Udaipur Kiran) । मुंबई महानगरपालिका चुनाव का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है। लेकिन कांग्रेस पार्टी में इच्छुक उम्मीदवारों की बाढ़ आ गई है। कांग्रेस ने इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं और अब तक 1150 से ज़्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता और मीडिया समन्वयक सुरेश चंद्र राजहंस ने गुरुवार को बताया कि मुंबई के सभी छह ज़िलों से इच्छुक उम्मीदवारों की ओर से सहज प्रतिक्रिया मिल रही है। बीएमसी चुनाव के लिए आरक्षण की घोषणा जल्द की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मंगाने की अंतिम तिथि बढ़ा दी जाएगी।मुंबई मनपा चुनावों की पृष्ठभूमि में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड़ की अध्यक्षता में तैयारियाँ चल रही हैं। कुल 227 वार्डों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और उनके माध्यम से सभी वार्डों में बैठकें हो रही हैं। अधिकांश कांग्रेस कार्यकर्ता यह चुनाव अपने दम पर लड़ने की मांग कर रहे हैं। कार्यकर्ता पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं।
राजहंस ने बताया कि अभी महाविकास आघाड़ी में साथ मिलकर चुनाव लड़ना है या स्वतंत्र लड़ना है, इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है। दिल्ली में पार्टी आलाकमान इस संबंध में निर्णय लेगा।लेकिन वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार