
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की साधारण सभा की बैठक में नागरिकों के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस दौरान उन्होंने एमटीएस एवं डीबीसी कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के लिए एक समिति के गठन का भी ऐलान किया।
महापौर राजा इकबाल सिंह ने मंगलवार को जानकारी दी कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली नगर निगम ने सभी वार्डों में विशेष सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं तथा प्रत्येक वार्ड में 50 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।
महापौर ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर विशेष सफाई व्यवस्था व मरम्मत के कार्य के लिए दिल्ली नगर निगम ने 12.5 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने व मरम्मत के कार्यों को जल्द पूरा करने में मदद मिलेगी।
महापौर ने भी बताया कि बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी (आआपा) के कुछ पार्षदों ने चर्चा में व्यवधान डालने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के पार्षदों ने विषय की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक चर्चा की और महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
उन्होंने बताया कि बैठक में विभिन्न वार्डों से संबंधित मुद्दों, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता के हित में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बैठक में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सभी पार्षदों ने सकारात्मक सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर नेता सदन प्रवेश वाही ने बताया कि जो एमटीएस एवं डीबीसी कर्मचारी वर्तमान में हड़ताल पर हैं, उनकी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए एक समिति का गठन किया गया है। इस समिति में सत्तापक्ष, विपक्ष एवं एमटीएस कर्मचारियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह समिति अगले 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान प्रस्तुत करेगी, जिससे कर्मचारियों की जायज मांगों को यथोचित रूप से पूरा किया जा सके।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
