Chhattisgarh

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

जायजा लेते हुए कलेक्टर मिश्रा।

धमतरी, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इसी माह प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा करेलीबड़ी पहुंचे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार भी उनके साथ मौजूद रहे।

कलेक्टर मिश्रा ने सबसे पहले हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने करेली मंडी परिसर में होने वाले कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, वीआईपी एवं आम नागरिकों के बैठक स्थल, प्रवेश और निकासी द्वार, वाहन पार्किंग व्यवस्था आदि का बारीकी से अवलोकन किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत नक्शे का भी परीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय रहते और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरी होनी चाहिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आने वाले जनसमूह को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय व्यवस्था और यातायात नियंत्रण जैसी सुविधाओं को सुचारू बनाने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर उन्होंने नव निर्मित महतारी सदन का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता, पीएचआई, एसडीओ लोक निर्माण, तहसीलदार, सीईओ जनपद सहित स्थानीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। वहीं, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बलों की तैनाती, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, पार्किंग स्थल और आपातकालीन मार्ग की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री साय के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और तत्परता से तैयारियों में जुटा हुआ है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top