मुंबई, 18 नवंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में ठंड बढ़ने का अनुमान लगाते हुए नागरिकों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई जिलों में पारा गिर रहा है और ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। धुले में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मुंबई के सांताक्रूज, कोंकण के अलीबाग, रत्नागिरी, दहानु इलाकों में भी गुलाबी ठंड बढ़ गई है। राज्य में उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रवाह बढ़ गया है। इसके कारण महाराष्ट्र के मौसम पर शुष्क हवाओं का असर देखा जा रहा है। नतीजतन, अगले दो दिनों में राज्य में शीतलहर और बढ़ेगी। खासकर मराठवाड़ा और उत्तरी महाराष्ट्र में तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। जलगांव, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली में भी ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान है। गर्मियों में बेहद गर्म रहने वाले विदर्भ में के यवतमाल में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस और गोंदिया में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले दो दिनों में राज्य में सबसे कम तापमान धुले और जेऊर में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न सिर्फ ग्रामीण इलाकों में, बल्कि शहर में भी मज़दूर और मेहनतकश लोग रात में जगह-जगह सड़कों पर ठंड से बचने के लिए आश्रय ले रहे हैं। अब तक रात से सुबह तक महसूस होने वाली ठंड अब दिन में भी महसूस की जा रही है। मुंबई के सांताक्रूज में सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह औसत से 2.3 डिग्री कम था। पिछले कुछ दिनों से सांताक्रूज में न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार