
शिमला, 20 नवंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम का दौर जारी है। इसी के साथ ठंड का प्रकोप भी बढ़ रहा है। खासतौर पर सुबह-शाम व रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरूवार को राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शिमला सहित कई शहरों के न्यूनतम तापमान के लुढ़कने से रातें ठंडी हो गई हैं। मौसम विभाग ने एक सप्ताह तक यानी 26 नवंबर तक मौसम के शुष्क रहने का अनुमान जताया है। यानी तब तक कहीं भी बारिश व बर्फबारी होने की संभावना नहीं है। राज्य में नवंबर महीना सुखा बना हुआ है। इस माह सामान्ये से 90 फीसदी कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीती रात लाहौल-स्पीति जिला के तीन शहरों का पारा माइनस में दर्ज किया गया। इनमें केलांग में -1.1 डिग्री, कुकुमसेरी में -3 डिग्री और ताबो में -2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान शिमला के न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की गिरावट आई। इसके अलावा सुंदनगर, भुंतर, कल्पा, धर्मशाला, उना व नाहन जैसे शहरों का पारा भी गिरा।
सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, भुंतर में 4.6 डिग्री, कल्पा में 1.8 डिग्री, धर्मशाला में 7.5 डिग्री, उना में 8.4 डिग्री, नाहन में 9.1 डिग्री, पालमपुर में 5.5 डिग्री, सोलन में 6.2 डिग्री, मनाली में 4.1 डिग्री, कांगड़ा में 7.4 डिग्री, मंडी में 8.3 डिग्री, बिलासपुर में 10.5 डिग्री, हमीरपुर में 9.1 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 9 डिग्री, कुफरी में 8.8 डिग्री, नारकंडा में 6.1 डिग्री, बरठीं में 9.1 डिग्री, भरमौर में 9 डिग्री, रिकांगपिओ में 4 व सियोबाग में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरूवार को राज्य भर में धूप खिली। बिलासपुर व सुंदरनगर में सुबह के समय कोहरा रहा।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा