
गोपालगंज, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) ।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 19 सितंबर को जिले के बरौली और बैकुंठपुर में संभावित आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जहां जदयू और भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय होकर जनसंपर्क और स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं जिला प्रशासन भी लगातार बैठकें कर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहा है। मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस दौरान वे कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही विकास कार्यों की समीक्षा और जनता से सीधे संवाद भी कर सकते हैं। ऐसे में न केवल प्रशासन बल्कि राजनीतिक कार्यकर्ता भी इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। बरौली और बैकुंठपुर प्रखंडों में मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं।
जदयू के स्थानीय नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में योजनाएं चलाई हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी यह साबित करेगी कि लोग उनके नेतृत्व में भरोसा रखते हैं। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री जदयू के नेता हैं, लेकिन एनडीए की एकजुटता दिखाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी साफ झलक रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / Akhilanand Mishra
