HEADLINES

देशभर में चलाया गया स्वच्छता अभियान, 5 करोड़ से ज़्यादा लोगों ने 7 लाख इकाइयों और 3 लाख स्थानों की सफाई की

देशभर में चलाया गया स्वच्छता अभियान, 5 करोड़ से ज़्यादा लोगों ने  7 लाख इकाइयों और 3 लाख स्थानों की सफाई की

नई दिल्ली, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” के तहत आज 8 बजे देशभर में 5 करोड़ से ज़्यादा नागरिकों ने एक साथ श्रमदान किया। इस दौरान करीब 7 लाख स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और 3 लाख सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। राजधानी दिल्ली से लेकर राज्यों के कस्बों तक हुए इस ऐतिहासिक अभियान में केंद्रीय मंत्रियों, स्थानीय नेताओं, ग्राम पंचायतों, गैर-सरकारी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और छात्रों की व्यापक भागीदारी रही।

चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, दिल्ली के कालिंदी कुंज घाट पर जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और छत्तीसगढ़ के रतनपुर में आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने श्रमदान का नेतृत्व किया। विभिन्न मंत्रियों ने अपने-अपने शहरों में निर्दिष्ट स्थलों पर अभियान में हिस्सा लिया।

अभियान के तहत मीरा भयंदर में 4 हजार से अधिक छात्रों और सामाजिक संगठनों ने प्लास्टिक कचरे में कमी और स्वास्थ्य पहल को बढ़ावा दिया। भारतीय तटरक्षक बल (उत्तर-पूर्व) ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सफाई अभियान चलाकर 1,960 किलो समुद्री कचरा और 1,050 किलो प्लास्टिक एकत्र किया।

देशभर के शहरों में स्वच्छता कार्यक्रमों के साथ स्वास्थ्य शिविर भी लगे। सूरत में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने 6हजार सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया और 10 करोड़ रुपये का कल्याण कोष घोषित किया। रायगढ़ में 2,600 और इंदौर में 15हजार से अधिक लोगों ने स्वच्छता का संकल्प लिया। नवी मुंबई और उज्जैन में भी सामुदायिक सफाई अभियान हुए।

स्वच्छता उत्सव में नवाचार भी दिखे। एनआईटी जमशेदपुर ने 1,090 किलो कबाड़ से बने ‘मेक इन इंडिया’ शेर का अनावरण किया, जिससे कुल कबाड़ कला 2,360 किलो तक पहुंच गई। रेल मंत्रालय ने पूरे देश में अपशिष्ट से कला प्रदर्शनी लगाई, जबकि तिरुपति नगर निगम ने 500 पेड़ लगाकर और 30हजार पौधे व 25हजार कम्पोस्ट बैग वितरित कर हरियाली को बढ़ावा दिया।

उल्लेखनीय है कि स्वच्छता ही सेवा 2025 (17 सितंबर–2 अक्टूबर) अभियान के तहत हो रही इस पहल ने नागरिकों को सामूहिक संकल्प के साथ जोड़ते हुए स्वच्छ भारत मिशन को जन आंदोलन का रूप दे दिया है।

—————

(Udaipur Kiran) / प्रशांत शेखर

Most Popular

To Top