नारनौल, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । नारनौल में शुक्रवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ ने बकाया भुगतान को लेकर हड़ताल कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि उनके द्वारा बार-बार हड़ताल करने के बावजूद यहां के अधिकारी उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के नारनौल इकाई अध्यक्ष सुरेश कुमार जैदिया ने बताया कि तीन नवंबर 2017 से एक जनवरी 2023 तक का कर्मचारियों का भुगतान बकाया है। जिसके चलते कर्मचारी कई बार हड़ताल व धरना प्रदर्शन कर चुके हैं, मगर नगर परिषद नारनौल के अधिकारी इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी को लेकर नारनौल नप के सफाई कर्मचारियों ने आज काम छोड़ हड़ताल की है।
उन्होंने बताया कि आठ अगस्त को नगर परिषद नारनौल प्रशासन व चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने कर्मचारियों से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने दस दिन के अंदर-अंदर बकाया भुगतान दिए जाने की बात कही थी। लेकिन उसके बाद 20 दिन का समय हो गया। अभी तक कर्मचारियों को भुगतना नहीं किया गया है। जिसकी वजह से कर्मचारी परेशान हैं तथा हड़ताल करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी।इस मौके पर राज्य कैशियर महेंद्र सिंह, साहिल कुमार, जिला प्रधान राहुल सारवान, महावीर प्रसाद आदि मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला
