Haryana

जींद : तिरंगे संग सेल्फी को पोर्टल पर अपलोड करें नागरिक

डीसी मोहम्मद इमरान रजा।

जींद, 5 अगस्त (Udaipur Kiran) । केंद्र सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में लगातार चौथे वर्ष हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 15 अगस्त तक तीन चरणों में चलेगा। पहला चरण आठ अगस्त तक, दूसरा 9 से 12 अगस्त तक और तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत अभियान के पहले चरण में विद्यालयों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगा प्रेरित कला से सजाया जाएगा।

शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों में प्रदर्शनियों, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताओं, तिरंगा राखी निर्माण कार्यशालाओं व डाक विभाग के माध्यम से सैनिकों व पुलिसकर्मियों को आभार पत्र के साथ राखियां भेजने की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तिरंगा बुनाई और धागे आधारित गतिविधियां सार्वजनिक स्थलों व बाजारों में आयोजित होंगी। नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

दूसरे चरण में तिरंगा महोत्सव, मेला और कन्सर्ट

दूसरे चरण में नौ से 12 अगस्त के दौरान भव्य आयोजन किए जाएंगे। इसमें तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला और कन्सर्ट का आयोजन होगा। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जाएगी। जिनमें तिरंगा रंग की थीम आधारित वस्तुएं प्रमुख होंगी। तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा बाइक या साइकिल रैली गृह विभाग, पुलिस, अर्धसैनिक बल, एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड और खेल विभाग के सहयोग से आयोजित की जाएगी। तिरंगे की बिक्री डाकघरों, उचित मूल्य दुकानों, पंचायत केंद्रों, खादी भंडारों आदि के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी।

तीसरे चरण में ध्वजारोहण और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था

तीसरे चरण में 13 से 15 अगस्त के बीच सभी सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों और कार्यालयों में ध्वजारोहण समारोह आयोजित होंगे और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। नागरिकों को सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। डीसी ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जागृत करना, राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान बढ़ाना और जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण करें और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा रोशनी से सजाएं। डीसी ने सभी विभागों के अधिकारीए उनके परिवारए विद्यार्थियों और आम नागरिकों से इस अभियान को पूरे जोश, उत्साह और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाने का आह्वान किया गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top