
लखनऊ, 04 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार भारत सिंह की माता सहोद्रा सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत सिंह की माता सहोद्रा सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वरिष्ठ पत्रकार आउटलुक के राज्य ब्यूरो चीफ एवं उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के सचिव भारत सिंह की माता सहोद्रा सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है।
लोहिया संस्थान में चल रहा था इलाज
भारत सिंह की माता 73 वर्षीय सहोद्रा सिंह का देहांत शुक्रवार की सुबह डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में हो गया था। राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में गंभीर अवस्था में उन्हें भर्ती कराया गया था। लगभग तीन साल पहले पति तुंगनाथ सिंह का भी निधन हो गया था। सहोद्रा सिंह अपने पीछे दाे बेटे भारत और भास्कर एक बेटी भारती, नाती पोता का भरा परिवार छोड़ गई हैं।
उनकी अंत्येष्टि भैंसाकुण्ड में संपन्न हुई। मुखाग्नि उनके छोटे बेटे भास्कर सिंह ने दी। भैंसाकुंड पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष,प्रान्त के विशेष सम्पर्क प्रमुख प्रशान्त भाटिया,राज्य सूचना आयुक्त पीएन. द्विवेदी,भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव,प्रदेश प्रवक्ता आनंद दुबे, संघ के सह प्रान्त सम्पर्क प्रमुख डा.हरनाम सिंह, विभाग कार्यवाह अमितेश,विश्व संवाद केन्द्र के प्रमुख डा. उमेश,सह भाग कार्यवाह सिद्धार्थ,सह भाग प्रचार प्रमुख रमाकांत,बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्याम त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में पत्रकार व सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
