
–लखनऊ विश्वविद्यालय में 20 से 28 सितम्बर तक होगा पुस्तक महोत्सव
लखनऊ, 19 सितम्बर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत सरकार और लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से इस बार 20 से 28 सितम्बर तक गोमती पुस्तक महोत्सव लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित होगा। गोमती पुस्तक महोत्सव का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को करेंगे। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, एनबीटी के अध्यक्ष प्रोफेसर मिलिंद सुधाकर मराठे, लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.मनुका खन्ना सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी एनबीटी के निदेशक कर्नल युवराज मलिक ने शुक्रवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
युवराज मलिक ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में 200 से अधिक पुस्तक स्टॉलों पर हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और अनेक भारतीय भाषाओं की हजारों पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। प्रत्येक संध्या उत्तर प्रदेश की कला, परम्परा और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने वाले लाइव कार्यक्रमों से सजी होगी। लेखक संवाद, काव्य पाठ, मुशायरा, कहानी सुनाने इत्यादि.. के सत्र में देश के नामचीन साहित्यकार और कलाकार शामिल होंगे। चौथा गोमती महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। प्रवेश नि:शुल्क है। आगंतुक पैनल चर्चाओं, लेखक संवाद, काव्य पाठ व पुस्तक विमोचन व अन्य साहित्यिक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे।
एनबीटी के निदेशक ने कहा कि यह उत्सव प्रधानमंत्री की ज्ञान समाज निर्माण और मेक इण्डिया रीड की परिकल्पना को साकार करता है तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को प्रतिबिम्बित करता है।
लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने कहा कि पुस्तक महोत्सव पठन संस्कृति को पुनर्जीवित करने, अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्रों को खोजने, कल्पना करने और नवाचार की ओर प्रेरित करेगा।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
