Uttar Pradesh

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन परिसर में ध्वजारोहण किया और गिनाई उपलब्धियां

सीएम योगी
विधान भवन परिसर में ध्वजारोहण करते सीएम योगी व अन्य

-भारत के पांच ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के साथ उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी वाला राज्य बनेगा : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां सबसे पहले अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया और उसके बाद विधान भवन परिसर में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और भारत की सुरक्षा में अपना सर्वस्व ने न्यौछावर करने वाले देश के महान सपूतों को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के साथ ही अपनी सरकार के 8 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाई साथ ही उन्होंने विपक्ष पर करारा हमला भी बोला। इस मौके पर उन्होंने उत्तर प्रदेश को गरीबी मुक्त और उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी का राज्य बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरा देश स्वतंत्रता के 78 वर्ष पूरे कर रहा है। सभी को हम हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं। स्वतंत्रता अनगिनत त्याग और बलिदान का प्रतीक है। स्वाधीनता हम सबसे त्याग और बलिदान मांगती है। एक लंबे समय तक देश के अंदर चली स्वाधीनता की यह लड़ाई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के निर्णायक नेतृत्व के उपरांत फलीभूत हुई। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए उन सभी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों क्रांतिकारियों, ज्ञात अज्ञात वीर सैनिकों और देश की स्वाधीनता के उपरांत देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों, देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च योगदान देने वाले सभी जवानों को इस अवसर पर नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अभी हाल ही में पूरे देश ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, उनके मार्गदर्शन में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत के सामर्थ्य और शक्ति के सफल क्रियान्वयन को देखा है। मैं उन सभी सैनिकों को सैल्यूट करता हूं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद दुश्मन के छक्के छुड़ा करके भारत की एकता अखंडता को सुदृढ़ किया है। जब हमारा सैनिक देश की सीमाओं के प्रति सजग होता है, अपना सर्वोच्च योगदान देता है, तब हम चैन की नींद सो पाते हैं। तभी देश विकास के उन सुनहरे सपनों को देख पता है जिन पर एक सुदृढ भारत का निर्माण होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने पिछले 78 वर्ष की इस यात्रा को देखा है। अनुभव किया है। देश के राष्ट्रीय पर्वों के माध्यम से इस गाथा को सुना है। याद कीजिए स्वतंत्रता का मतलब स्वच्छंदता नहीं होती। स्वतंत्रता का मतलब उच्च्श्रृंखला भी नहीं हो सकती। स्वतंत्रता का मतलब हर भारतवासी के लिए अपने कर्तव्यों के साथ संकल्पित होने का महापर्व है। हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य क्या है, हमारा हमारे प्रति, समाज के प्रति, देश के प्रति क्या कर्तव्य है, अगर हर नागरिक अपने दायित्व का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने लग जाए तो प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत संकल्प को हम पूरा होते हुए देख सकेंगे। भारत मजबूती के साथ 2047 में दुनिया की सबसे बड़ी ताकत होगा।

याद कीजिए आज के 11 वर्ष पहले भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के सुनियोजित प्रयास से आज दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। आज भारत के पास सामर्थ्य है। भारत के पास शक्ति है। भारत के स्वदेशी और मेक इन इंडिया को दुनिया ने महसूस किया है। लखनऊ में बनी ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के छक्के छुड़ाए हैं।

भाइयों बहनों चाहे स्वदेशी ड्रोन हो या मिसाइल हो, रक्षा क्षेत्र में, एयरोस्पेस क्षेत्र भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को विकसित देश बनाने के लिए आह्वान किया है। दैनिक उपयोग की वस्तु हो या फिर किसी अतिथि को उपहार में दी जाने वाली कोई वस्तु, अगर हम अपने कारीगरों शिल्पियों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी वस्तुओं की खरीद करते हैं तो हमारा देश समृद्ध होगा। भारत का पैसा भारत के लिए होगा। भारत के सामर्थ्य को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का यह मॉडल बनेगा।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर बोला हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने 8 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर करारा हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि यह वही उत्तर प्रदेश है जहां न बेटी सुरक्षित थी न व्यापारी सुरक्षित था। सूर्यास्त के बाद ही माहौल खराब हो जाता था। आज उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था में एक नया मॉडल बनकर उभरा है। उत्तर प्रदेश सुरक्षा का न केवल मॉडल बनकर उभरा है बल्कि उत्तर प्रदेश ने दिखाया है कि कैसे दंगा मुक्त हुआ जा सकता है और कैसे सफलता प्राप्त की जा सकती है। आज उत्तर प्रदेश उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

साढ़े आठ लाख नौकरी दी गयी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों को नौकरी देने के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए। साढ़े आठ लाख युवाओं को नौकरी दी गई है। एक करोड़ 62 लाख से अधिक युवाओं को एमएसएमई सेक्टर से जोड़ने का कार्य किया गया। निवेश के रूप में उत्तर प्रदेश बेहतरीन गंतव्य के रूप में स्थापित हुआ है। आज किसी भी उद्यमी से पूछेंगे कि निवेश कहां करना चाहते हैं तो वह यूपी को ही कहेगा। निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन अगर कोई राज्य बन सकता है तो वह उत्तर प्रदेश है। आपने देखा होगा कि उत्तर प्रदेश से पहले उद्यमी पलायन करने की सोचता था। अब 45 लाख करोड़ का निवेश आ रहा है। उसमें से 15 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर उतर गया है। नौकरी की संभावना भी विकसित हुई है।

एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला राज्य बनने की ओर अग्रसर

अगर भारत 2027 में पांच ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनेगा तो उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर इकोनामी का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। 8 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 43000 थी। 3 वर्ष कोविड जैसी महामारी का सामना करते हुए भी उत्तर प्रदेश में इन 8 वर्षों में अपनी जीएसडीपी को 13 से बढ़ाकर 19 लाख करोड़ पहुंचाने में सफलता हासिल की। प्रदेश की ग्रोथ रेट नेशनल ग्रोथ रेट से बेहतर दिशा में आगे बढ़ रही। उत्तर प्रदेश की आज प्रति व्यक्ति आय एक लाख 20 हजार तक पहुंची है। आने वाले समय में हमें प्रत्येक सेक्टर में नेशनल एवरेज में बराबर में आना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश वासियों को मिलकर काम करना होगा।

विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत आप निर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ने के लिए सबको एकजुट होकर कार्य करना होगा। प्रत्येक तत्व के लिए कार्य करने के लिए सरकार खड़ी है। अगर कोई एक कदम आगे बढ़ता है तो सरकार उसके साथ 10 कदम आगे बढ़कर कार्य करने को तैयार है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार व अन्य राज्यों के कलाकारों ने प्रस्तुतियां भी दीं।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बृजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खारवाल, पूर्व मंत्री विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद बृजलाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / दिलीप शुक्ला

Most Popular

To Top