Punjab

पंजाब विधानसभा में बाढ़ पर रिपोर्ट पेश, मुख्यमंत्री सोमवार को जवाब देंगे

– सरकार ने सदन में पेश किया पंजाब के पुनर्वास का प्रस्ताव, आआपा विधायकों के निशाने पर रहे प्रधानमंत्री

चंडीगढ़, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पंजाब विधानसभा में जल संसाधन मंत्री बरिंद्र गोयल ने पंजाब के पुनर्वास मुद्दे पर विधानसभा में प्रस्ताव पेश करते हुए बाढ़ पर रिपोर्ट पेश की। सदन की कार्यवाही के दौरान आम आदमी पार्टी विधायकों के निशाने पर प्रधानमंत्री ही रहे। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए जवाब देंगे।

जल संसाधन मंत्री बरिंदर गोयल ने शुक्रवार को कहा कि यह बाढ़ 1988 से भी बड़ी थी। उस वक्त 11 लाख 20 हजार क्यूसिक पानी आया था, लेकिन इस बार 14 लाख 11 हजार क्यूसिक पानी आया। यह 20 प्रतिशत ज्यादा पानी था। मंत्री ने केंद्रीय मौसम विभाग के अनुमान पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में अनुमान से ज्यादा बारिश हुई, जबकि हम इन्हीं के अनुमान पर निर्भर रहते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और पाकिस्तान वाला सारा पानी पंजाब की नदियों में आ गया। मंत्री ने कहा कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड का कंट्रोल पंजाब सरकार के पास होना चाहिए।

गोयल ने कहा कि मुश्किल वक्त में केंद्र सरकार मदद करती है। हैरानी की बात ये है कि बाढ़ के बाद केंद्र के नेता आए। जख्मों पर मरहम लगाने के बजाय उन्होंने कहा कि माइनिंग ज्यादा हो गई, इस वजह से बाढ़ आई। सिंचाई मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ को लेकर कोई ट्वीट तक नहीं किया। हमारी 20 हजार करोड़ की डिमांड थी, लेकिन सिर्फ 1600 करोड़ रुपए दे गए। जब हमारे मंत्री ने बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने बात नहीं की। इतनी बुरी हालत होने के बावजूद पीएम हमारे मुख्यमंत्री भगवंत मान को मिलने तक का टाइम नहीं दे रहे।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top