Maharashtra

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 10 जिलों में ‘बचत समूह मॉल’ बनाए जाएंगे : मुख्यमंत्री

मुंबई, 09 अगस्त (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में कहा कि बचत समूहों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राज्य के 10 जिलों में ‘बचत समूह मॉल’ बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महिला सशक्तीकरण किसी भी राष्ट्र के विकास की रीढ़ होता है। जब समाज की महिलाएं मुख्यधारा में आती हैं, तभी उस राष्ट्र का विकास तेज़ी से आगे बढ़ता है।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज मुलुंड स्थित महाकवि कालिदास नाट्यगृह में आयोजित रक्षाबंधन उत्सव को संबोधित कर रहे थे। हिंदू परंपरा में रक्षाबंधन त्योहार के महत्व को स्पष्ट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल राखी का धागा नहीं है बल्कि प्रेम का बंधन है। इसमें बहन का भाई के प्रति प्रेम व्यक्त होता है और भाई बहन की रक्षा की शपथ लेता है। लेकिन अब समय आ गया है कि भाई यह संकल्प लें कि वे अपनी बहन को इतनी सक्षम बनाएंगे कि वह न केवल अपनी बल्कि अपने परिवार की भी रक्षा कर सके।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकारें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयास कर रही हैं। महिला सशक्तीकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी कई योजनाएं शुरू की हैं। मुद्रा योजना के लाभार्थियों में 60 प्रतिशत महिलाएं हैं, जिससे लाखों महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने में मदद मिली है। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत महाराष्ट्र में पिछले वर्ष 25 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य पूरा किया गया। इस वर्ष भी 25 लाख महिलाओं को और राज्य में कुल 01 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य है।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार, विधायक मिहिर कोटेचा के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top