-मुख्यमंत्री ने अनसूयाबाई काले स्मारक भवन का किया उद्घाटन
मुंबई, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नागपुर में कहा कि परिवर्तनकारी विभूतियों के इतिहास को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारा समाज इतिहास भूल जाता है, इसीलिए हमें एक समय गुलामी में जाना पड़ा था।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने शनिवार को नागपुर में उत्तर अंबाझरी रोड स्थित अनसूयाबाई काले स्मारक भवन के पुनर्निर्मित भवन और पूर्वी विदर्भ महिला परिषद के कामकाजी महिला एवं बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एम्परसैंड समूह के संस्थापक अध्यक्ष रुस्तम केरावाला भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनसूयाबाई काले ने देश की पहली संसद में नागपुर का प्रतिनिधित्व किया था। अनसूयाबाई सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की लड़ाई में महिला अधिकारों की आवाज़ थीं, उनके विचार और लेखन प्रगतिशील थे। उनमें सुधारवाद का विचार शामिल था। अपने जीवन में कई लोगों को प्रेरित करने वाली अनसूयाबाई हमारे समाज की आदर्श हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अनसूयाबाई नागपुर शहर की उत्कृष्ट हस्तियों में से एक हैं। प्रारंभ में, काले फाउंडेशन ट्रस्ट के ट्रस्टी विलास काले ने अपने परिचय में अनसूयाबाई के जीवन कार्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एआईडब्ल्यूसी की पूर्व अध्यक्ष शीला काकड़े, पूर्वी विदर्भ महिला परिषद की अध्यक्ष नीलिमा शुक्ला, सचिव नीला कार्णिक मंच पर उपस्थित थीं। सरिता कौशिक ने कार्यक्रम का संचालन किया।
—————
(Udaipur Kiran) यादव