Delhi

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छत्रसाल स्टेडियम में किया ध्वजारोहण, बोलीं- आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा

79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छत्रसाल स्टेडियम में ध्वजारोहण समारोह को संबोधित करतीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छत्रसाल स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार योजनाओं और कामकाज का बखान किया।

मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि यह तिरंगा केवल ध्वज नहीं, हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है, हमारी एकता और अडिग संकल्प की पहचान है। मैं इस तिरंगे को नमन करती हूं। उन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर जैसे साहसिक अभियानों को अंजाम देने वाले सभी वीरों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां यमुना, जो दिल्ली की आत्मा और आराध्य हैं, सभी दिल्लीवासियों के मन में बसती हैं और पूरे देश के मन में बसती हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने मां यमुना को नजरअंदाज किया, उन्होंने दिल्ली की आत्मा से विश्वासघात किया। हम कहते हैं, अब और नहीं। हमारा पहला संकल्प है, मां यमुना स्वच्छ होगी, मां यमुना अविरल बहेगी और मां यमुना फिर से जीवन देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली हमारे देश की धड़कन है। यहां की हर गली, हर चौक, हर इमारत और नदी… ये सभी दिल्ली के संघर्ष और साहस की गवाह हैं।

उन्होंने कहा कि पहले दिन ही हमारी सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू की और अब तक साढ़े 4 लाख लोगों ने इसमें पंजीकरण कर लिया है। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा कवच प्रदान किया जा रहा है। वर्षों से लंबित पक्की नौकरियाँ भरते हुए 1,500 नर्सों और मेडिकल स्टाफ को स्थायी नौकरी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस बढ़ोतरी पर पिछली सरकारों ने दिल्ली में कोई कानून नहीं बनाया था लेकिन हमारी सरकार ने दिल्ली के अभिभावकों की पीड़ा समझी और अब फीस माफी पर कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली में अटल कैंटीन खोलने जा रहे हैं, जहां 5 रुपये में श्रमिक भाइयों को पेट भर खाना मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तक दिल्ली की सरकारों ने खेलों को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन हमारी सरकार ने उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक पुरस्कार राशि देने का निर्णय लिया है और उन्हें सरकारी नौकरी भी प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि लेटेस्ट टेक्नोलॉजी वाली सभी मशीनें, जिनकी जरुरत है, हम खरीद रहे हैं रोबोटिक मशीनें, क्विक रिस्पांस व्हीकल, जो छोटी-छोटी और तंग गलियों में आग लगने की घटना होने पर तुरंत फायर इक्विपमेंट पहुंचा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को कूड़े से, गंदगी से, भ्रष्टाचार से और गुलामी की सोच से आजादी दिलाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top