
जोरहाट (असम), 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज जोरहाट में आयोजित असम चाय जनजाति छात्र संघ (आट्सा) के 19वें द्विवार्षिक केंद्रीय साधारण अधिवेशन तथा असम चाय जनजाति महिला समिति के केंद्रीय द्विवार्षिक साधारण अधिवेशन में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें चाय जनजाति समुदाय के भाइयों-बहनों के साथ कुछ आत्मीय क्षण बिताने का अवसर पाकर प्रसन्नता हुई।
उन्होंने असम चाय जनजाति छात्र संघ को असम के सामाजिक और राजनीतिक जीवन का एक सशक्त संगठन बताते हुए कहा कि इस संगठन ने अपने स्थापना काल से ही चाय जनजाति समुदाय के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया है।
मुख्यमंत्री ने असम चाय जनजाति महिला समिति और छात्र संघ दोनों की सराहना करते हुए कहा कि ये संगठन समुदाय के शैक्षिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
डॉ. सरमा ने कहा कि राज्य सरकार की शुभकामनाएं हमेशा इन दोनों संगठनों के साथ हैं और आगे भी रहेंगी, ताकि चाय जनजाति समुदाय का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
