
पटना, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि लोक आस्था का यह महापर्व आत्मानुशासन, पवित्रता और श्रद्धा का प्रतीक है। लोग शुद्ध अंतःकरण और निर्मल मन से अस्ताचलगामी एवं उदयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व के माध्यम से समाज में स्वच्छता, अनुशासन और सामूहिक सद्भाव का संदेश प्रसारित होता है।
मुख्यमंत्री ने महापर्व छठ के अवसर पर भगवान भास्कर से राज्य की प्रगति, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है।
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ आज नहाय-खाय के साथ हो गया। प्रदेश भर में श्रद्धालुओं ने स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। घरों में व्रतियों ने शुद्धता और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पर्व की शुरुआत की।
छठ अनुष्ठान के तहत 26 अक्टूबर को खरना होगा, 27 अक्टूबर को संध्या अर्घ्य और 28 अक्टूबर को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ यह महापर्व संपन्न हो जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / सुरभित दत्त