चंडीगढ़, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । पंजाब भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा है कि आज लगभग आधा पंजाब बाढ़ की चपेट में है। किसान, खेत मज़दूर, गांव की आम जनता पानी में डूबी परेशान है। बाढ़ ने लोगों के चूल्हे ठंडे कर दिए हैं, खाना तक मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे विपदा के गंभीर समय में मुख्यमंत्री भगवंत मान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन संग मुस्कुराते हुए नाश्ता करने में व्यस्त हैं।
शर्मा ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में मुख्यमंत्री को अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर बाढ़-ग्रस्त क्षेत्रों में पहुंचकर पीड़ितों की मदद करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा करने की बजाय पंजाबियों को संकट में अकेला छोड़ दिया। इससे साफ़ है कि उनके दिल में न संवेदना है और न ही अपनापन। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता देख रही है कि भगवंत मान को न पंजाब से कोई लगाव है, न पंजाबियों से कोई प्यार। उन्हें केवल अपनी कुर्सी और मुख्यमंत्री पद की शान-शौकत से मोह है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
