
कोलकाता, 22 सितम्बर (Udaipur Kiran News) ।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को नवरात्रि की शुरुआत पर लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वे इस पावन अवसर पर सभी को अपनी ओर से शुभकामनाएं प्रेषित करती हैं।
नवरात्रि, जो नौ दिनों तक देवी दुर्गा की आराधना का पर्व है, इस वर्ष 22 सितम्बर से दो अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान देशभर में शक्ति की उपासना, व्रत-उपवास, गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। पश्चिम बंगाल में देवी दुर्गा की आराधना का त्योहार राज्य की सांस्कृतिक पहचान रही है। यहां हर साल ना केवल बंगाल और देश बल्कि दुनिया भर से लाखों लोग दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए आते हैं।
ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व समाज में शांति, समृद्धि और भाईचारे को सुदृढ़ करेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि स्त्री शक्ति के सम्मान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक भी है।
नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। इन दिनों भक्त व्रत रखते हैं और विशेष अनुष्ठान संपन्न करते हैं।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
