
कोलकाता, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर गहरा दुख जताया है। मंगलवार को ममता बनर्जी ने अपने ट्वीट में कहा कि वे उन्हें अच्छी तरह जानती थीं और कई अवसरों पर उनके साथ काम किया है। उन्होंने विजय मल्होत्रा को एक प्रभावशाली खेल प्रशासक भी बताया जिनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण था। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार, मित्रों और अनुयायियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
उल्लेखनीय है कि विजय कुमार मल्होत्रा का राजनीति में लंबा और समर्पित करियर रहा, साथ ही उन्होंने खेल क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मृत्यु से राजनीति और खेल के क्षेत्र को बड़ा क्षति पहुंची है।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के सीनियर नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह 93 साल की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से दिल्ली एम्स में भर्ती थे।
मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार के विधायक थे। वे 1980 में दिल्ली के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने। उन्होंने 1999 के लोकसभा चुनावों में दक्षिण दिल्ली से कांग्रेस उम्मीदवार मनमोहन सिंह को हराया था।
उनके पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित उनके आवास पर रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित भाजपा के कई बड़े नेता उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
