
गुवाहाटी, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को ऐतिहासिक वृंदावनी वस्त्र के सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि यह केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि असमिया समाज का स्वाभिमान और महापुरुष श्रीमंत श्रीमंत शंकरदेव की अनुपम धरोहर है। मुख्यमंत्री इसे वापस लाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए लंदन जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य लीला-चित्रों से सुसज्जित यह पवित्र वस्त्र सदियों से वैष्णव संस्कृति को आलोकित करता आया है। वर्तमान में यह मूल्यवान धरोहर लंदन के एक संग्रहालय में संरक्षित है, जो शंकरदेव के अद्वितीय कला-प्रतिभा का प्रमाण है।
डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि राज्य सरकार ने इस अमूल्य वस्त्र को असम वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि उनकी लंदन यात्रा का उद्देश्य इसके प्रत्यावर्तन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और अंतरिम कदमों पर विचार-विमर्श करना है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार वृंदावनी वस्त्र – असम की कालजयी सांस्कृतिक धरोहर काे घर वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
———————-
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश