Bihar

बिहार राज्य महिला आयोग के 24वें स्थापना दिवस समारोह का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

बिहार राज्य महिला आयोग का 24वां स्थापना दिवस समारोह

पटना, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना स्थित अधिवेशन भवन में बिहार राज्य महिला आयोग के 24वें स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोग पर आधारित स्मारिका ‘संवाद से सरोकार तक’ का विमोचन किया और आयोग को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उनके सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। राज्य सरकार ने नीतिगत, कानूनन और संगठनात्मक स्तर पर कई अहम कदम उठाए हैं, जिससे महिलाओं को मजबूती मिली है। इसके परिणामस्वरूप आज बिहार की महिलाएं आत्मबल और आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिला आयोग की भूमिका समाज में महिलाओं की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। आयोग ने अब तक हजारों मामलों का निपटारा कर पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आयोग आगे भी इसी तरह समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

स्थापना दिवस के मौके पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई और आयोग की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय रहाटकर और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा भी उपस्थित थीं। समारोह में समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

—————

(Udaipur Kiran) / सुरभित दत्त

Most Popular

To Top