
-विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर एकता का आह्वान
गुवाहाटी, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “हर घर तिरंगा” के आह्वान पर गुरुवार को गुवाहाटी के पांडु में तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस रंगारंग पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भाग लिया। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, राज्य कैबिनेट मंत्री पीयूष हजारिका, पल्लव लोचन दास, गुवाहाटी नगर निगम के मेयर मृगेन शरनिया और अन्य विशिष्ट व्यक्ति मौजूद रहे।
पदयात्रा में जालुकबाड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष पियाल शंकर दे, क्षेत्र के पार्षद और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा लेकर शामिल हुए। पदयात्रा पांडु केबिन से शुरू होकर पांडु कॉलेज गेट पर फहुंचकर समाप्त हुई।
पांडु कॉलेज गेट स्थित सनातन देवालय में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा, “आज का दिन विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। पाकिस्तान की बर्बरता के कारण जिन्होंने अपनी जान गंवाई, हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “हमारा भारत भविष्य में दोबारा विभाजन की करुण कहानी न देखे—इसके लिए 14 अगस्त का दिन एकता और सद्भाव की प्रार्थना का दिन होना चाहिए।”
यह पदयात्रा केवल स्वतंत्रता का संदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता का प्रतीक भी बनकर उभरी। पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल फैल गया और तिरंगे की लहर के साथ लोगों के बीच एकता का स्वर गूंज उठा।
(Udaipur Kiran) / देबजानी पतिकर
