Delhi

मुख्यमंत्री ने त्रिदेव सम्मेलन में कार्यकर्ता से किया संवाद

नजफगढ़ में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 16 नवंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नजफगढ़ में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में दिचाऊं कलां क्षेत्र से पधारे त्रिदेव समान कार्यकर्ता से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली के गांव और देहात वर्षों तक विकास से उपेक्षित रहे। पिछली सरकारों ने न तो बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दिया और न ही ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी। लेकिन दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद हर गली, हर कॉलोनी और हर वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें जनता के बीच जाकर इन्हीं विकास कार्यों की गति और प्रभाव को साझा करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम विकसित दिल्ली के निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली नगर निगम उपचुनाव में वार्ड नंबर 128 से रेखा रानी को विजयी बनाकर हमें नजफगढ़ और दिचाऊं कलां क्षेत्र के विकास को नई गति देनी है।

इस अवसर पर सांसद कमलजीत सेहरावत, विधायक नीलम कृष्ण पहलवान, अभय वर्मा, पूर्व मेयर बिपिन बिहारी सिंह, नजफगढ़ जिलाध्यक्ष राज शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज तिवारी और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव