Madhya Pradesh

बीजेपी विधायक आशीष शर्मा को मातृशोक, मुख्यमंत्री डॉ. यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने जताया दुख

बीजेपी विधायक आशीष शर्मा को मातृशोक

भाेपाल, 30 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की खातेगांव-कन्नौद विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा की माता सुशीला देवी शर्मा का गुरुवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। वे पूर्व विधायक स्व. गोविन्द शर्मा की धर्मपत्नी थीं। उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। सुशीला देवी शर्मा पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। उन्हें पहले इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर दो दिन पहले उन्हें एयर लिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए एम्स दिल्ली ले जाया गया था। जहां आज सुबह उन्हाेंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर अपने शाेक संदेश में कहा खातेगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री आशीष शर्मा जी की पूज्य माताजी श्रीमती सुशीला गोविंद शर्मा जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनके चरणों में प्रणाम कर सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। सिद्धेश्वर महादेव से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें। ॐ शांति!

उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा- खातेगांव विधानसभा से भाजपा विधायक आशीष शर्मा की पूज्य माताजी सुशीला शर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में आत्मबल प्रदान करें।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top