Assam

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने किया भाजपा के बिन्नाकांदी, लखीपुर मंडल कार्यालयों का उद्घाटन

Assam CM Dr Himanta Biswa Sarma Inaugurating BJP offices at Binnakandi and Lakhipur in Cachar.
मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा भाजपा के बिन्नाकांदी, लक्षीपुर मंडल कार्यालयों का उद्घाटन करते हुए।

कछार (असम), 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आज कछार जिले की लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बिन्नाकांदी और लखीपुर मंडल के नवनिर्मित कार्यालयों का पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भव्य उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्षीपुर मंडल का कार्यालय भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम समर्पित किया गया है, जबकि बिन्नाकांदी मंडल कार्यालय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को समर्पित है। उन्होंने इन कार्यालयों को प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए “भक्ति का मंदिर” बताया और कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद असम के प्रत्येक जिले में भाजपा कार्यालय स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने गुवाहाटी में प्रदेश भाजपा मुख्यालय के उद्घाटन का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने राज्य में अब तक 200 से अधिक मंडल कार्यालय का निर्माण पूरा कर लिया है और आगे 400 से अधिक मंडलों में कार्यालय निर्माण की योजना है।

भाजपा की संगठनात्मक मजबूती पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले पांच वर्षों में असम के 10 हजार बूथों में बूथ स्तर कार्यालय निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस में निर्णय सोनिया गांधी की डाइनिंग टेबल पर होते हैं, लेकिन भाजपा चार स्तंभों — कार्यक्रम, कार्यालय, कार्यकर्ता और कोष — को सर्वोच्च महत्व देती है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य “भारत माता” को परम वैभव की स्थिति तक पहुंचाना है और “राष्ट्र पहले” के आदर्श को कायम रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्री या विधायक सबसे पहले कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते हैं।

महिला कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यालयों में महिलाओं को सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, पार्टी ने मजबूत संगठनात्मक और वित्तीय संरचना के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संचालित किया है।

लखीपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के अलावा कोई अन्य पार्टी प्रभावशाली नहीं थी, लेकिन आज भाजपा ने नीतियों और जनकल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों का विश्वास हासिल किया है। उन्होंने कहा, “लोगों के आशीर्वाद से पार्टी की यह मजबूती आने वाले दशकों तक अडिग रहेगी।”

इस उद्घाटन समारोह में मंत्री कौशिक राय, लोकसभा सांसद परिमल शुक्लवैद्य, राज्यसभा सांसद कनाड पुरकायस्थ, कछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा और कई वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top