
अररिया, 03 अक्टूबर(Udaipur Kiran News) ।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शुक्रवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में किया गया।जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 25 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में रोजगार हेतु 10-10 हजार रुपये की राशि का हस्तांतरण किया।
जिलाधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारीगण मौजूद रहे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंची जीविका दीदियों ने काफी उत्साह के साथ कार्यक्रम में शिरकत की।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। जिसके तहत महिलाओं को रोजगार करने के लिए शुरुआत में 10 हजार की राशि दी जा रही है।
यह राशि डीबीटी के तहत सीधे उनके खाते में ट्रांसफर किया जा रह है। अब तक 75 लाख महिलाओ के खातों में राशि पहली किस्त के रूप में स्थानांतरित की जा चुकी है। 3 अक्टूबर को दूसरी किस्त जारी की गई। जिसके अन्तर्गत 25 लाख महिलाओं के खातों में पैसे भेजे गए। योजना के अंतर्गत छह महीने बाद महिलाओं के रोजगार की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इस मूल्यांकन के आधार पर जिन महिलाओं ने सफलतापूर्वक अपना रोजगार स्थापित किया होगा, उन्हें अतिरिक्त सहायता राशि के रूप में अधिकतम 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। यह सहायता महिलाओं को बड़े स्तर पर व्यापार और रोजगार विस्तार का अवसर प्रदान करेगी। जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन सकेंगी।
(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर
