RAJASTHAN

पंच गौरव कार्यक्रम से स्थानीय उत्पादों को मिल रही नई पहचान- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

प्रधानमंत्री की मन की बात सुनते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।

जयपुर, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात‘ कार्यक्रम की 124वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर ‘मन की बात‘ कार्यक्रम को सुना।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के भारत में आज विज्ञान एक नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा देश इससे गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि हमारा ‘इन्स्पायर-मानक’ अभियान बच्चों के इनोवेशन को बढ़ावा देने का अभियान है। इसमें हर स्कूल से पांच बच्चों का चयन किया जाता है। हर बच्चा एक नया आइडिया लेकर आता है। अब तक इससे लाखों बच्चे जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में स्पेस स्टार्ट-अप्स भी तेजी से बढ़ रहे हैं।

मोदी ने कहा कि यूनेस्को ने 12 मराठा किलों को वर्ल्ड हैरिटेज साईट्स के रूप में मान्यता दी है। इनमें से ग्यारह किले महाराष्ट्र में और एक किला तमिलनाडु में है। हर किले से इतिहास का एक-एक पन्ना जुड़ा है। हर पत्थर, एक ऐतिहासिक घटना का गवाह है। सल्हेर का किला वो है, जहां मुगलों की हार हुई। शिवनेरी, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म हुआ, ऐसा किला है जिसे दुश्मन भेद नहीं सके। उन्होंने कहा कि देश के और हिस्सों में भी ऐसे ही अद्भुत किले हैं, जिन्होंने आक्रमण झेले, लेकिन आत्मसम्मान को कभी झुकने नहीं दिया। राजस्थान में चित्तौड़गढ़, कुंभलगढ़, रणथंभौर, आमेर और जैसलमेर के किले विश्व प्रसिद्ध हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 के विकसित भारत का रास्ता आत्मनिर्भरता से होकर गुजरता है और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का सबसे बड़ा आधार है- ‘वोकल फॉर लोकल’। जो चीजें भारत में बनी हों, जिसे बनाने में किसी भारतीय का पसीना बहा हो, वही खरीदें और वही बेचें। ये हमारा संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 7 अगस्त 1905 को एक और क्रांति की शुरुआत हुई थी। स्वदेशी आंदोलन ने स्थानीय उत्पादों और खासकर हैण्डलूम को एक नई ऊर्जा दी थी। इसकी स्मृति में देश हर साल 7 अगस्त को ‘नेशनल हैण्डलूम डे’ मनाता है। इस साल 7 अगस्त को ‘नेशनल हैण्डलूम डे’ के 10 साल पूरे हो रहे हैं। आजादी की लड़ाई के समय जैसे हमारी खादी ने आजादी के आंदोलन को नई ताकत दी थी, वैसे ही आज जब देश, विकसित भारत बनने के लिए कदम बढ़ा रहा है, तो टैक्सटाइल सेक्टर, देश की ताकत बन रहा है। आज भारत में 3000 से ज्यादा टैक्सटाइल स्टार्ट-अप्स सक्रिय हैं।

मोदी ने कहा कि हमारे त्योहार और परम्पराएं हमारी संस्कृति का बहुत बड़ा आधार है और अपने वर्तमान और इतिहास को डॉक्यूमेंट करते रहना हमारी संस्कृति की जीवंतता का एक महत्वपूर्ण पक्ष है। भारत सरकार ने इस वर्ष के बजट में ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ की ऐतिहासिक पहल की है। इस मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों को डिजिटलाइज किया जाएगा। उन्होंने ‘खेलो भारत नीति 2025’ की सराहना की। साथ ही, उन्होंने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक जन-आंदोलन बन चुका है। हर साल होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण ने इस भावना को और बढ़ाया है। इस साल देश के 4500 से ज्यादा शहर और कस्बे इससे जुड़े और 15 करोड़ से अधिक लोगों ने इसमें भाग लिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ एवं ‘विकास भी-विरासत भी’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रही है। इसी दिशा में हमारी सरकार ने प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को लोकल से लेकर ग्लोबल तक नई पहचान दिलाने के लिए पंच गौरव कार्यक्रम की पहल की है, जिसके माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक उपज, एक वानस्पतिक प्रजाति, एक उत्पाद, एक पर्यटन स्थल एवं एक खेल को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। हमारी सरकार प्रदेश की समृद्ध-सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात कार्यक्रम में राजस्थान के ऐतिहासिक किलों का उल्लेख करना प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में विभिन्न क्षेत्रों में व्यक्तियों और संस्थाओं की अभूतपूर्व उपलब्धियों का जिक्र करते हुए आमजन से आह्वान किया कि वे इनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें।

——-

—————

(Udaipur Kiran) / अखिल

Most Popular

To Top