शिमला, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भरवाल का रविवार को जिला ऊना के अम्ब उपमंडल के अंतर्गत उनके पैतृक गांव हम्बोली में 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि गणेश दत्त भरवाल का चिंतपूर्णी क्षेत्र के विकास में अहम योगदान रहा है और उनके प्रयासों को क्षेत्रवासी सदैव स्मरण करेंगे। उन्होंने 1985 में पहली बार राज्य विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद जनता की समस्याओं को प्रभावी रूप से उठाया और क्षेत्र के उत्थान के लिए कार्य किया।
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी भरवाल को एक समर्पित जनसेवक और कर्मठ नेता बताते हुए कहा कि उनके निधन से प्रदेश ने एक सरल, विनम्र और जनता से जुड़ा नेता खो दिया है। उन्होंने कहा कि भरवाल की सेवा भावना और जनसंपर्क की शैली सभी के लिए प्रेरणास्रोत रही है।
मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री दोनों ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
