Delhi

भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है छठ महापर्व : रेखा गुप्ता

सिविल लाइन्स में विधायक अभय कुमार वर्मा के निवास पर छठ के द्वितीय दिवस ‘खरना’ का प्रसाद ग्रहण मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पहली बार छठ महापर्व को इतनी भव्यता और श्रद्धा के साथ मना रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हर व्रती और श्रद्धालु के लिए सुगम, सुरक्षित और दिव्य वातावरण सुनिश्चित किया है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को एक्स पोस्ट में कहा कि आज यमुना तट न केवल पूर्वांचल की आस्था से आलोकित है, बल्कि दिल्ली के बदलते स्वरूप का प्रतीक भी बना है। छठ का प्रसाद हमारी संस्कृति की सबसे सुंदर अभिव्यक्तियों में से एक है। डाला में जब माताएं-बहनें स्नेह से प्रसाद सजाती हैं तो वह क्षण भक्ति, संयम और समर्पण का जीवंत प्रतीक बन जाता है। छठ का प्रसाद सिर्फ अन्न नहीं, आस्था का अंश है जो हर घर में शांति, संतोष और मंगल का संदेश लेकर आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने यमुना की स्वच्छता को आस्था और संकल्प का आंदोलन बनाया है। परंपरागत नालों को टैप कर गंदे पानी को सीधे नदी में जाने से रोका गया है। पुराने एसटीपी का पुनरुद्धार किया गया और नई अत्याधुनिक एसटीपी परियोजनाएं तेज़ी से बन रही हैं। दशकों बाद दिल्ली को एक नया ड्रेनेज सिस्टम मिला है। यमुना हमारी पहचान है और उसकी स्वच्छता के लिए हम योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे हैं।

————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top