Jharkhand

कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ छप्पन सेट दुर्गापूजा समिति का दुर्गोत्सव

पंडाल के बाहर जुटे समिति के श्रद्धालुगण
शोभायात्रा में जुटी महिलाएं समेत अन्य

रांची, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । छप्पन सेट दुर्गा पूजा समिति रांची की ओर से सोमवार को डोरंडा में 62वें दुर्गोत्सव का आगाज़ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ।

शारदीय नवरात्र की पावन बेला में सुबह नौ बजे समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, संरक्षक कपिल देव सिंह, अध्यक्ष गौतम दुबे गोपी, सचिव रितेश सिंह और मनोज सिंह के नेतृत्व में कलश यात्रा नेपाल हाउस, राजेंद्र चौक होते हुए बटम तालाब पहुंची। वहां से श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर संकल्प किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मंदिर परिसर में कलश स्थापना संपन्न की।

इस अवसर पर मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि छप्पन सेट दुर्गा पूजा केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का प्रतीक है। 62 वर्षों से यह पूजा नई पीढ़ी को संस्कृति और परंपरा से जोड़ने का कार्य कर रही है। समिति के अध्यक्ष गौतम दुबे ने जानकारी दी कि इस बार पूजा पंडाल विशेष थीम पर सजा है। विद्युत सज्जा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे।

भव्य कलश शोभायात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में कलश और नारियल उठाकर हिस्सा लिया, वहीं बच्चे और युवा ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और मां के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बनाते रहे। भीड़ उमड़ने से पूरा इलाका आस्था के रंग में रंग गया।

कलश स्थापना और पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से गुड़िया सिंह, शोभा सिंह, छाया अम्बष्ट, पुष्पांजलि सिंह, निशा कुमारी, मेंहुल दूबे, विकास कुमार सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top