Haryana

चरखी दादरी, फतेहाबाद और पंचकूला में बनेंगी नई जेल, जल्द होगा टेंडरः डॉ अरविंद शर्मा

हरियाणा के जेल मंत्री अरविंद शर्मा

– मुख्यमंत्री ने चरखी दादरी, फतेहाबाद और पंचकूला जेल के लिए 284 करोड़ रूपये मंजूर किए

– हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन जल्द तीनों जेल कैंपस निर्माण के लिए जारी करेगी टेंडर

– 3956 बंदियों को रखने की बढ़ेगी क्षमता, सुरक्षा के होंगे पुख्ता प्रबंध

चंडीगढ़, 17 जून (Udaipur Kiran) । सहकारिता, जेल, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में चरखी दादरी के भैरवी, फतेहाबाद के बीघड व पंचकूला के जलोली गांव में नई जिला जेल परिसर निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इन तीनों जेलों के लिए 284 करोड रूपए की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है। जेल विभाग द्वारा जल्द ही हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के माध्यम से इनके टेंडर जारी किए जाएंगे। बेहतरीन सुरक्षा प्रबंधों वाली इन तीन जेलों में 3956 बंदियों को रखने की व्यवस्था होगी।

हरियाणा के जेल मंत्री अरविंद शर्मा ने मंगलवार काे चंडीगढ़ में बताया कि प्रदेश में तीन नई जिला जेल बनाने के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चरखी दादरी जेल कैंपस निर्माण के लिए 97 करोड़ 73 रूपये, फतेहाबाद जेल कैंपस निर्माण के लिए 99 करोड़ 97 लाख रूपए व पंचकूला जिला जेल निर्माण के लिए 86 करोड़ 17 लाख रूपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है। इसके लिए जल्द ही हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन इसके संबंध में टेंडर जारी करेगी।

जेल मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि चरखी दादरी जिला के गांव भैरवी में जेल परिसर निर्माण के लिए 97 करोड़ 73 लाख रूपये की राशि मंजूर की गई है। 58 एकड़ जमीन में बनने वाले जेल कैंपस में 1150 बंदियों को रखने की क्षमता होगी। चरखी दादरी जेल में प्रशासनिक खंड, पुरूष बंदियों के लिए 7 बैरक, महिला बंदियों के लिए 1 बैरक, 2 सुरक्षा सेल, 30 बेड का जेल अस्पताल, किचन, गोदाम, नियंत्रण कक्ष, जेल फैक्टरी, अधिकरियों, कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा।

फतेहाबाद के बीघड में 99.97 करोड की लागत से बनेगी जेल

जेल मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि फतेहाबाद के गांव बीघड में 45 एकड जमीन पर 99 करोड 97 लाख रूपये की लागत से जिला जेल का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि इस जेल कैंपस में 1852 बंदियों की क्षमता के मुताबिक कैंपस का निर्माण किया जाएगा। इसमें प्रशासनिक भवन, पुरूष बंदियों के लिए 12 बैरक, महिला बंदियों के लिए एक बैरक, विशेष सुरक्षा सेल 4, 30 बैड का जेल अस्पताल, जेल फैक्ट्री, नियंत्रण कक्ष, कैंटीन, लाइब्रेरी, बहुउद्देश्यीय हाल, वार्डर हॉस्टल, अधिकारी, कर्मचारियों के लिए 115 मकान व मूलभूत सुविधाओं के लिए ढांचागत विकास किए जाएंगे।

पंचकूला के जलोली में 86.17 करोड़ की लागत से बनेगी जेल

जेल मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि पंचकूला के गांव जलोली में तकरीबन 31 एकड़ जमीन पर 86 करोड़ 17 लाख रूपये की लागत से जिला जेल का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि इस जेल कैंपस में 954 बंदियों की क्षमता के मुताबिक कैंपस का निर्माण किया जाएगा। इसमें प्रशासनिक भवन, पुरूष बंदियों के लिए 4 बैरक, महिला बंदियों के लिए एक बैरक, विशेष सुरक्षा सेल 4, 30 बेड का जेल अस्पताल, जेल फैक्टरी, नियंत्रण कक्ष, कैंटीन, लाइब्रेरी, बहुउद्देश्यीय हाल, वार्डर हॉस्टल, अधिकारी, कर्मचारियों के लिए 34 मकान व मूलभूत सुविधाओं के लिए ढांचागत विकास किए जाएंगे।

1000 बंदियों की क्षमता की रेवाडी जेल का मुख्यमंत्री कर चुके उद्घाटन

जेल महानिदेशक मोहम्मद अकील ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 3 केंद्रीय जेलों व 17 जिला जेलों में 22 हजार 647 बंदियों को रखने की क्षमता है। रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जेल मंत्री डॉ अरविंद शर्मा की मौजूदगी में रेवाडी के फिदेडी गांव में 50 एकड़ जमीन पर 95 करोड़ रूपये की लागत से नवनिर्मित जेल परिसर का उद्घाटन किया है, जिसमें तकरीबन एक हजार बंदियों को रखने की क्षमता है। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी जेल में फिलहाल 65 बंदियों को रखने की ही व्यवस्था थी, जिसके चलते रेवाडी जिला के बंदियों को गुरूग्राम, नारनौल और झज्जर जेल में भेजा जा रहा था।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top