
रांची, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी रांची में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। खराब मौसम और रोजाना हो रही बारिश के बावजूद पूजा आयोजन समितियां अपने-अपने पूजा पंडालों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। इसी क्रम में अल्बर्ट एक्का चौक के पास इस साल भी अनोखा और जीवन को संदेश देता भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। यह पंडाल चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति के सौजन्य से बन रहा है। समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस वर्ष पंडाल की थीम बिल्कुल अलग है। पंडाल में जन्म से लेकर मृत्यु तक की जीवन यात्रा को चित्रित किया गया है, जिससे भक्तगण जीवन के विभिन्न पड़ावों को आध्यात्मिक भाव से अनुभव कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि समिति की परंपरा रही है कि हर वर्ष यहां भक्ति, संस्कृति और सामाजिक संदेश से जुड़े अलग-अलग थीम प्रस्तुत किए जाते हैं। पंडाल के निर्माण में 40 से ज्यादा मजदूर दिन रात लगे हुए हैं। ढाई माह से पंडाल निर्माण का काम चल रहा है। पंडाल की ऊंचाई 55 फीट, चौड़ाई 90 फीट और लंबाई 70 फीट है।
उन्होंने बताया कि मूर्ति में चार लाख, पंडाल में 40 लाख, पूजा में पांच लाख सहित अन्य खर्च चार लाख रुपये आयेगी।
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि पूजा के दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश के मशहूर भजन गायक कार्यक्रम पेश करेंगे। इनमें अंकुश राजा, अरवींद अकेला कल्लू, शिल्पी राज, करीना पांडे सहित अन्य शमिल है।
उन्होंने बताया कि बंगाल के मूर्तिकार मूर्ति का निर्माण कर रहे हैं। मूर्ति की ऊंचाई 14 फीट होगी। 26 सितंबर को पंडाल का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ करेंगे।
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को बनारस के 11 पुरोहित की ओर से माता की भव्य आरती होगी। इसी दिन दिल्ली के कलाकार माता के नौ रूपों का नाट्य मंचन करेंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
