
रांची, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पंडरा कृषि मंडी में व्याप्त असुविधा को देखते हुए अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने पंडरा कृषि मंडी का दौरा कर, वहां की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में मंडी में अतिक्रमण, मुख्य बाजार प्रांगण और टर्मिनल मार्केट यार्ड दोनों में गंदगी, जल जमाव, सभी चापानल खराब, सीसीटीवी की अनुपलब्धता देखी गई। यह भी जानकारी मिली कि मंडी में पिछले छह माह से सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं हैं, इससे आये दिन मंडी में चोरी और छिनतई जैसी घटनाएं घटित होती हैं।
निरीक्षण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मंडी के व्यापारियों संग बैठक कर समस्याओं की जानकारी ली।
व्यापारी गंदगी में व्यापार करने को विवश : महुरी
वहीं मौके पर रांची चेंबर, पंडरा के अध्यक्ष संजय महुरी ने कहा कि पंडरा मंडी के व्यापारी गंदगी में व्यापार करने को विवश हैं। मंडी में न पेयजल की सुविधा है न ही कोई स्ट्रीट लाईट चालू अवस्था में है। शाम से ही पूरा बाजार परिसर अंधेरा पसर जाता है। जर्जर सडकों के कारण बरसात के समय लोगों को पैदल चलना मुश्किल है। व्यापारियों की ओर से बाजार समिति के सचिव को निरंतर इन समस्याओं को संज्ञान में लाये जाने के बावजूद इसपर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। दुकान-गोदाम टूट रहे हैं, दुकानदारों ने स्वयं से मरम्मती कराने की ईच्छा जताये जाने के बावजूद, बाजार समिति की ओर से रोक लगा दी जाती है।
पंडरा बाजार की व्यवस्था में सुधार के लिए देंगे युद्धस्तर पर प्रयासों को गति : अध्यक्ष
मौके पर चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को दूर करने की बात कही। उन्होंने चेंबर चुनाव में मिले अपार समर्थन के लिए पंडरा बाजार के व्यापारियों के प्रति आभार जताया और कहा कि पंडरा बाजार की व्यवस्था में सुधार के लिए चेंबर युद्धस्तर पर प्रयासों को गति देगा। बाजार मंडी की गंभीर समस्या को देखते हुए मौके पर ही कृषि मंत्री से मिलने का समय लिया गया। यह निर्णय लिया गया कि शनिवार को चेंबर इस मामले में कृषि मंत्री से मिलकर, स्थिति से अवगत कराएगा।
वहीं मौके पर चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि राज्य की प्रमुख कृषि मंडी होने के बावजूद पंडरा बाजार की समस्या चिंतनीय है। मौलिक सुविधा तो उपलब्ध होनी ही चाहिए। पंडरा मंडी को आदर्श मंडी के रूप में विकसित कराने के लिए चेंबर प्रत्येक स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। सह सचिव रोहित पोद्दार के सुझाव पर चेंबर और पंडरा मंडी के व्यापारियों के आपसी समन्वय से सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की सहमति बनी।
एक वॉट्सएप ग्रुप का गठन कर इसमें चेंबर और रांची चेंबर के सदस्यों को शामिल कर, मंडी की व्यवस्था में सुधार के पहल का निर्णय लिया गया।
बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य पूजा ढाढा, विकास मोदी, रांची चेंबर के अध्यक्ष संजय महुरी, आलू प्याज थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष मदन साहू, सदस्य अनिल शर्मा, नवीन अग्रवाल सहित पंडरा कृषि बाजार मंडी के कई व्यापारी उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
