Haryana

केंद्र सरकार हरियाणा व पंजाब के बीच करवाएगी एसवाईएल मुद्दे पर बैठक

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखा पत्र

चंडीगढ़, 27 जून (Udaipur Kiran) । हरियाणा व पंजाब के बीच वर्षाें से विवाद का विषय बनी एसवाईएल के मुद्दे पर केंद्र सरकार बहुत जल्द दोनों राज्यों के बीच संयुक्त बैठक करवाने जा रही है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने शुक्रवार को हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्रियों को एसवाईएल के मुद्दे पर पत्र लिखा है। संभावना जताई जा रही है कि आगामी माह के दूसरे सप्ताह 10 जुलाई के आसपास दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच बैठक हो सकती है।

हरियाणा और पंजाब के बीच चल रहे एसवाईएल के जल विवाद को सुलझाने के लिए केंद्र सरकार ने फिर पहल की है। एसवाईएल के मुद्दे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच बैठक होने वाली है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अगुवाई में होने वाली बैठक में एसवाईएल के मुद्दे पर चर्चा होगी।

बैठक का उद्देश्य एसवाईएल के मसले को सुलझाना है ताकि दोनों राज्यों के बीच चला आ रहा पानी विवाद समाप्त हो सके। हालांकि इससे पहले दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन वार्ता में कोई हल नहीं निकल पाया है। इससे पहले पूर्व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अगुवाई में हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच वार्ता हुई थी, लेकिन तब भी कोई हल नहीं निकला था और पंजाब के मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा था कि पंजाब में जल संकट है और वह हरियाणा को पानी नहीं देगा। इसके बाद मई माह में सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा और पंजाब के बीच चल रहे जल विवाद को सुलझाने के निर्देश दिए थे। सुप्रीम ने पहले जल शक्ति मंत्री को इस मामले में मध्यस्ता करने के निर्देश दिए थे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार अब केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने एसवाईएल के मुद्दे पर दोनों प्रदेशों की बैठक बुलाई है। वर्ष 2004 के पंजाब के इस कानून को वर्ष 2016 में सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया। तब से यह मामला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है। अब 13 अगस्त को अगली सुनवाई की तारीख तय है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top